फतेहपुर में अपनी ही जमीन पर जाने से डर रही महिला, आखिर किसका है इतना खौफ?

फतेहपुर के नरपतपुर गांव में एक महिला ने जमीन कब्जे, सीमांकन पत्थर तोड़ने और जान से मारने की धमकी का आरोप लगाते हुए जिलाधिकारी से शिकायत की है। पीड़िता ने दोबारा सीमांकन और आरोपियों पर कार्रवाई की मांग की है।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 1 July 2026, 5:56 PM IST

Fatehpur : यूपी के फतेहपुर जिले में जमीन पर कब्जे और धमकी का मामला सामने आया है। सदर तहसील क्षेत्र के नरपतपुर गांव की रहने वाली एक महिला ने गांव के ही कुछ लोगों पर उसकी जमीन पर कब्जा करने, राजस्व विभाग द्वारा गाड़े गए सीमांकन पत्थरों को तोड़ने और विरोध करने पर जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पीड़िता अब न्याय की आस लेकर जिलाधिकारी के पास पहुंची है और आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर सख्त कार्रवाई की मांग की है।

कोर्ट के आदेश पर हुई थी जमीन की पैमाइश

नरपतपुर गांव निवासी संगीता देवी पत्नी राजेश कुमार ने जिलाधिकारी को दिए शिकायती पत्र में बताया कि उनकी भूमि गाटा संख्या-180 से जुड़ा मामला न्यायालय में विचाराधीन था। न्यायालय के आदेश के बाद वर्ष 2021 में राजस्व निरीक्षक की देखरेख में पुलिस बल की मौजूदगी में जमीन की पैमाइश कराई गई थी। इस दौरान जमीन की सीमा तय करने के लिए मौके पर पत्थर भी गाड़े गए थे।

दबंगों पर पत्थर उखाड़कर तोड़ने का आरोप

पीड़िता का आरोप है कि पैमाइश के कुछ समय बाद गांव के ही रामदयाल, पंकज और जुग्गीलाल ने जबरन उन सीमांकन पत्थरों को उखाड़ दिया और तोड़ दिया। संगीता देवी का कहना है कि जब उन्होंने इसका विरोध किया तो आरोपियों ने उन्हें धमकी दी कि अगर वह दोबारा जमीन के आसपास दिखाई दीं तो जान से मार देंगे।

UP Big News: महराजगंज, गोरखपुर, फतेहपुर, रायबरेली, औरैया समेत यूपी के कई जिलों के SDMs को मिला बड़ा तोहफा

दो-तीन साल से लगा रही न्याय की गुहार

संगीता देवी के मुताबिक, वह पिछले दो-तीन सालों से लगातार प्रशासन और संबंधित अधिकारियों को प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग कर रही हैं, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया गया। पीड़िता का कहना है कि दबंगों के डर से वह अपनी ही जमीन पर जाने से घबरा रही हैं।

दोबारा सीमांकन और कार्रवाई की मांग

पीड़िता ने जिलाधिकारी से मांग की है कि राजस्व निरीक्षक और लेखपाल की टीम गठित कर पुलिस सुरक्षा में दोबारा जमीन का सीमांकन कराया जाए। साथ ही जमीन पर सीमा चिन्ह दोबारा स्थापित किए जाएं और आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाए।

Location :  Fatehpur

Published :  1 July 2026, 5:56 PM IST