
सपा प्रमुख अखिलेश यादव
Lucknow: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में मंगलवार को कांग्रेस ने विधानसभा का घेराव कर कई मुद्दों को लेकर विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के बाद समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर तीखे बयान दिए।
अखिलेश यादव ने कहा, “यह वह सरकार है, जो विरोध को स्वीकार नहीं कर सकती है, यह केवल अपना राग अलापती रहती है। अगर इनके मन में प्रभु श्री राम जी और धर्म के प्रति आस्था होती तो लोकतंत्र में हमारे जीते हुए रामजी को लोकसभा में पीछे की सीट पर नहीं बैठाती, बल्कि पीएम के साथ वाली सीट पर बैठाती।”
पूरी तैयारी से करना चाहिए विरोध
अखिलेश यादव ने प्रदर्शन और विरोध की रणनीति पर भी बात की। उन्होंने कहा, “अगर आपको विरोध करना है तो पूरी तैयारी से करो। अगर पुलिस का एक डंडा आये तो आपके 50 तैयार रहने चाहिए। पूरी तैयारी के साथ विरोध करें।” उन्होंने यह भी बताया कि चुनाव आयोग से मुलाकात की तैयारी है। जिससे पिछड़े, दलित और मुसलमानों के नाम और उनके फॉर्म ना भरने के सिलसिले में शिकायत दर्ज कराई जा सके।
मुख्यमंत्री योगी पर हमला
पूर्व मुख्यमंत्री ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा, “मुख्यमंत्री बिष्ट जी को कुछ जानकारी ही नहीं है। इनके संगी साथी कभी वंदे मातरम् नहीं गाए, संघ के किसी नेता ने कभी वंदे मातरम, माँ तुझे सलाम नहीं कहा। हमारे रामजी को यह आखिरी बेंच पर बैठा रहे हैं। आने वाले चुनाव में ये विधानसभा से बाहर होंगे।”
भ्रष्टाचार के आरोप
अखिलेश यादव ने महोबा में पानी की टंकी से पानी गिरने की घटना का हवाला देते हुए कहा, “इनके भ्रष्टाचार की वह टंकी है। जगह-जगह उन्होंने केवल भ्रष्टाचार से ही काम किया है।” उन्होंने स्पष्ट किया कि भाजपा सरकार ने अपने पद का गलत उपयोग किया है और जनता की समस्याओं की अनदेखी की है।
Location : Lucknow
Published : 17 February 2026, 5:34 PM IST