UP Assembly Election 2027 से पहले अखिलेश यादव की बड़ी तैयारी! बनाया कौन-सा नया प्लान?

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर समाजवादी पार्टी ने अपनी सियासी रणनीति तेज कर दी है। सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने ऐलान किया है कि आगामी चुनाव में भाजपा से ज्यादा महिलाओं को टिकट दिया जाएगा।

Post Published By: Nitin Parashar
Updated : 7 November 2026, 9:10 PM IST

Lucknow : विधानसभा चुनाव 2027 की पहली तिमाही में होने की संभावना है। ऐसे में सभी सियासी दल चुनावी मोड में आ गए हैं। समाजवादी पार्टी ने भी टिकट बंटवारे की रणनीति पर काम शुरू कर दिया है। सपा मुखिया अखिलेश यादव महिलाओं को साधने की तैयारी में जुटे हैं। इसके लिए महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने के वादे के साथ सियासी दांव चलने की रणनीति बनाई जा रही है। सपा ने तय किया है कि 2027 के विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी से ज्यादा महिला उम्मीदवारों को टिकट दिए जाएंगे।

दरअसल, हाल ही में सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने घोषणा की है कि उनकी पार्टी 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में भाजपा से अधिक महिला उम्मीदवारों को टिकट देगी। अखिलेश यादव दावा कर चुके हैं कि यूपी में महिलाओं और बेटियों के साथ सबसे ज्यादा अन्याय हुआ है। उनके मुताबिक, भाजपा शासन में नारी सिर्फ एक नारा बनकर रह गई है।

आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर अखिलेश यादव का सरप्राइज स्टॉप, महिलाओं को दिया दीपावली गिफ्ट

महिलाओं को सियासी तौर पर सशक्त बनाने के लिए सपा 2027 के चुनाव में भाजपा के मुकाबले उन्हें ज्यादा भागीदारी देने और अधिक टिकट देने की तैयारी कर रही है। सियासी जानकारों का मानना है कि अखिलेश यादव महिलाओं की बड़ी मतदाता हिस्सेदारी को देखते हुए उन्हें पार्टी के पक्ष में लामबंद करने की कोशिश कर रहे हैं।

इतना ही नहीं, अखिलेश यादव ने सत्ता में आने पर महिलाओं के लिए विभिन्न योजनाएं शुरू करने का भी ऐलान किया है। इनमें महिलाओं को 40 हजार रुपये की वार्षिक आर्थिक सहायता देने का वादा भी शामिल है।

कीर्ति कश्यप को टिकट देकर PDA समीकरण साधने की कोशिश

पार्टी पिछले दिनों बरेली की बिथरी चैनपुर विधानसभा सीट से कीर्ति कश्यप को उम्मीदवार घोषित कर महिला प्रत्याशियों और PDA (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) समीकरण को साधने की दिशा में कदम भी बढ़ा चुकी है।

पार्टी की सियासत पर नजर रखने वालों की मानें तो सपा मुखिया अखिलेश यादव के तरकश से अभी कई और सियासी तीर निकलने वाले हैं। इनमें सामान्य सीटों पर बड़ी संख्या में SC और ST उम्मीदवारों को उतारने की योजना भी शामिल है। सपा की ओर से मिल रही जानकारी के मुताबिक, पार्टी सामान्य (जनरल) सीटों पर भी 100 या उससे ज्यादा SC और ST उम्मीदवारों को चुनाव मैदान में उतार सकती है।

अखिलेश यादव की इस रणनीति का मकसद गैर-यादव OBC और दलित वोटों के बीच पार्टी की पैठ और मजबूत करना माना जा रहा है।

Location :  Lucknow

Published :  7 November 2026, 9:01 PM IST