दादरी में समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव की रैली में भारी भीड़ उमड़ी। मंच पर पहुंचते ही ‘जिंदाबाद’ के नारों से माहौल गूंज उठा। समर्थक पिलरों पर चढ़कर अपने नेता को देखने की कोशिश करते नजर आए। अपने संबोधन में अखिलेश यादव ने बीजेपी पर निशाना साधा और ‘पीडीए’ के जरिए सामाजिक न्याय की बात कही।

दादरी में सपा प्रमुख अखिलेश यादव की एंट्री (Img: Dynamite News)
Greater Noida: दादरी की जमीन पर हालात किसी बेकाबू भीड़ वाले सीन जैसे हो गए। जहां हर तरफ धक्का-मुक्की, शोर और जोश का ऐसा तूफान था कि संभालना मुश्किल दिख रहा था। लोग पिलरों पर चढ़कर अपनी जगह बना रहे थे, कोई सिर्फ एक झलक के लिए घंटों से खड़ा था तो कोई नारे लगाते-लगाते आवाज बैठा चुका था।
माहौल में एक अजीब-सी बेचैनी और उत्साह का मिश्रण था, जैसे कुछ बड़ा होने वाला हो। और जैसे ही अखिलेश यादव का काफिला पहुंचा, पूरा पंडाल नारों के धमाके से गूंज उठा, मानो सियासत की नई जंग का ऐलान हो गया हो।
सपा प्रमुख अखिलेश यादव जैसे ही मंच पर पहुंचे, पूरा माहौल ‘अखिलेश यादव जिंदाबाद’ के नारों से थर्रा उठा। सपा कार्यकर्ता अपने नेता के स्वागत में पूरी तरह डूबे नजर आ रहे हैं। मंच के सामने खड़े समर्थक लगातार नारे लगा रहे, वहीं कई नेता फूल-मालाओं के साथ उनका अभिनंदन कर रहे। समर्थकों में अखिलेश यादव के साथ एक फोटो लेने के लिए भी बेताबी देखी जा रही है। मोबाइल कैमरों की फ्लैश लगातार चमक रही और हर कोई इस पल को अपने साथ कैद करना चाहता है। पंडाल का हर कोना जोश और ऊर्जा से भर गया।
दादरी में आयोजित इस रैली में भारी भीड़ देखने को मिली। दावा किया जा रहा है कि यहां लाखों लोग पहुंचे हैं। पंडाल खचाखच भरा हुआ है और बाहर भी लोगों की लंबी कतारें लगी हुई हैं। अखिलेश यादव ने कार्यक्रम की शुरुआत सम्राट मिहिर भोज की प्रतिमा पर माल्यार्पण करके की। इसके बाद वे जनसभा को संबोधित करने के लिए मंच पर पहुंचे। भीड़ का उत्साह साफ बता रहा है कि इस रैली को लेकर लोगों में पहले से ही जबरदस्त उत्सुकता थी और वे अपने नेता को सुनने के लिए दूर-दूर से आए हैं।
नसीमुद्दीन सिद्दीकी ने वेस्ट यूपी में दिया ऐसा बयान, भाजपा वालों को लग गई मिर्ची!
रैली में भीड़ इतनी ज्यादा है कि कई लोगों को पंडाल के अंदर जगह ही नहीं मिल पाई। ऐसे में कुछ समर्थक पिलरों पर चढ़ गए और वहीं से मंच की तरफ नजरें टिकाए हैं। हाथों में समाजवादी पार्टी के झंडे लिए ये समर्थक पिलरों पर खड़े होकर झंडे लहरा रहे हैं और नारे लगा रहे। बाहर खड़े लोग भी कम उत्साहित नहीं हैं। वे भाषण सुनते हुए बीच-बीच में ‘अखिलेश यादव जिंदाबाद’ के नारे लगा रहे। पूरा माहौल ऐसा हो गया है, जैसे हर व्यक्ति इस रैली का हिस्सा बनकर अपनी मौजूदगी दर्ज कराना चाहता हो।
रैली को संबोधित करते हुए अखिलेश यादव ने भारतीय जनता पार्टी पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि बीजेपी की रैलियों में लोग स्वेच्छा से नहीं आते, बल्कि उन्हें लाया जाता है। उन्होंने दावा किया कि आने वाले समय में उत्तर प्रदेश ही नहीं, बल्कि दिल्ली से भी बीजेपी सत्ता से बाहर हो जाएगी। अखिलेश यादव ने सरकार पर यह भी आरोप लगाया कि पिछले 10 वर्षों में जमीन का मुआवजा नहीं बढ़ाया गया, जिससे किसानों को भारी नुकसान हुआ है। उन्होंने कहा कि यह सरकार आम जनता की समस्याओं को नजरअंदाज कर रही है।
दादरी में आयोजित समाजवादी समानता और भाईचारा रैली में अखिलेश यादव ने ‘पीडीए’ का जिक्र करते हुए कहा कि यह संगठन उन लोगों के खिलाफ खड़ा होगा जो अहंकार में आकर समाज में भेदभाव और उत्पीड़न फैलाते हैं। उन्होंने कहा कि समाज में न्याय और बराबरी सुनिश्चित करने के लिए इस तरह के प्रयास जरूरी हैं। उनके अनुसार, पीडीए सिर्फ एक राजनीतिक रणनीति नहीं, बल्कि सामाजिक बदलाव का माध्यम भी है।
अखिलेश यादव ने अपने भाषण में दादरी की ऐतिहासिक और सामाजिक पहचान का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि यहां के लोगों ने कभी अपने मान-सम्मान से समझौता नहीं किया। उन्होंने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि जो लोग यहां आकर बयानबाजी कर गए हैं, उन्हें यह समझ लेना चाहिए कि दादरी की जनता की हुंकार उनकी सत्ता को चुनौती देने वाली है।