आरोप, विवाद और बवाल के बाद… अब साथ रहने लगे ज्योति मौर्य और आलोक मौर्य! कहानी में आया नया मोड़

यूपी की चर्चित PCS अधिकारी ज्योति मौर्या और उनके पति आलोक मौर्या के बीच चला लंबा विवाद अब खत्म हो गया है। दोनों ने करीब ढाई साल बाद फिर से साथ रहने का फैसला किया है और अपनी जिंदगी को नई शुरुआत दी है।

Post Published By: Asmita Patel
Updated : 6 April 2026, 4:28 PM IST

Prayagraj: कभी सोशल मीडिया से लेकर सियासी गलियारों तक जिस रिश्ते की दरार चर्चा का सबसे बड़ा मुद्दा बन गई थी, अब उसी कहानी ने नया मोड़ ले लिया है। आरोप, तकरार और जांच के लंबे दौर के बाद आखिरकार एक ऐसा फैसला सामने आया है, जिसने सबको चौंका दिया। ज्योति मौर्या और आलोक मौर्या ने बीते विवादों को पीछे छोड़ते हुए फिर से साथ रहने का निर्णय लिया है।

अब साथ रह रहे हैं दोनों

ताजा जानकारी के मुताबिक, ज्योति मौर्या और आलोक मौर्या अब एक साथ रह रहे हैं और अपनी जिंदगी को नई शुरुआत देने की कोशिश कर रहे हैं। इस बीच ज्योति मौर्या को प्रमोशन भी मिला है और उनकी नई पोस्टिंग नोएडा में हुई है। वहीं आलोक मौर्या भी अपने करियर को लेकर सक्रिय हैं और लगातार प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे हैं। बताया जा रहा है कि हाल ही में वह यूपी पीसीएस परीक्षा के इंटरव्यू तक पहुंचे थे, हालांकि अंतिम सूची में उनका नाम शामिल नहीं हो सका।

कैसे शुरू हुआ था विवाद

इस रिश्ते की कहानी साल 2010 में शुरू हुई थी, जब दोनों की शादी हुई। शुरुआती दौर में सब कुछ सामान्य था, लेकिन 2015 में जब ज्योति मौर्या का चयन पीसीएस में हुआ और उन्होंने SDM के रूप में जिम्मेदारी संभाली, तभी से रिश्ते में बदलाव आने लगा। जहां एक तरफ ज्योति प्रशासनिक सेवा में आगे बढ़ती गईं, वहीं आलोक मौर्या पंचायती राज विभाग में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी के रूप में कार्यरत रहे। इसी असंतुलन को लेकर दोनों के बीच दूरी बढ़ने लगी।

हाईकोर्ट पहुंचे आलोक मौर्या, कहा- पत्नी दे गुजारा भत्ता, जानें पूरा मामला

आरोप-प्रत्यारोप ने लिया बड़ा रूप

समय के साथ यह विवाद निजी दायरे से निकलकर सार्वजनिक हो गया। आलोक मौर्या ने अपनी पत्नी पर भ्रष्टाचार और अवैध संपत्ति के आरोप लगाए और इसकी शिकायत भी की। साथ ही उन्होंने निजी रिश्तों को लेकर भी गंभीर आरोप लगाए, जिससे मामला और ज्यादा सुर्खियों में आ गया। प्रशासन ने इस मामले में जांच के आदेश दिए और एक तीन सदस्यीय कमेटी बनाई गई। लेकिन जांच के दौरान ही आलोक मौर्या ने अपनी शिकायत वापस ले ली, जिसके बाद मामले को बंद कर दिया गया।

सोशल मीडिया पर छाया रहा मामला

यह विवाद लंबे समय तक सोशल मीडिया पर ट्रेंड करता रहा। कभी ज्योति मौर्या के समर्थन में लोग सामने आए, तो कभी आलोक मौर्या के पक्ष में आवाज उठी। इस पूरे मामले ने समाज में कई सवाल खड़े किए। क्या सफलता रिश्तों को बदल देती है? क्या पति-पत्नी के बीच संतुलन बनाए रखना मुश्किल होता जा रहा है? आलोक मौर्या ने इस दौरान पुरुष आयोग की मांग भी उठाई और कई बड़े नेताओं को पत्र लिखे।

यूपी की एक और बड़ी खबर: 27 वरिष्ठ पीसीएस अधिकारियों के तबादले; देखिये सूची

अब क्यों बदला फैसला?

करीब ढाई साल तक चले इस विवाद के बाद दोनों का फिर से साथ आना एक बड़ा और परिपक्व निर्णय माना जा रहा है। सूत्रों के मुताबिक, परिवार और करीबी लोगों की पहल के बाद दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई। धीरे-धीरे मतभेद कम हुए और अंततः दोनों ने साथ रहने का फैसला किया।

Location :  Prayagraj

Published :  6 April 2026, 4:28 PM IST