हाईकोर्ट के जजों के खिलाफ महराजगंज के वकीलों ने खोला मोर्चा, निंदा प्रस्ताव पारित कर दी आंदोलन की चेतावनी

इलाहाबाद हाईकोर्ट में अधिवक्ताओं के साथ कथित दुर्व्यवहार और अवमानना की कार्यवाही को लेकर महराजगंज में अधिवक्ताओं का आक्रोश सामने आया है।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 29 October 2026, 4:45 PM IST

महराजगंज: इलाहाबाद हाईकोर्ट में अधिवक्ताओं के साथ कथित दुर्व्यवहार और अवमानना की कार्यवाही को लेकर सिविल कोर्ट बार एसोसिएशन महराजगंज में नाराजगी देखने को मिली। 27 और 28 अक्टूबर को इलाहाबाद हाईकोर्ट के न्यायमूर्ति अजय भनोट और न्यायमूर्ति अरुण कुमार देशवाल से संबंधित घटनाक्रम के विरोध में सिविल कोर्ट बार एसोसिएशन के अध्यक्ष धीरेंद्र मिश्रा और महामंत्री प्रमोद त्रिपाठी के नेतृत्व में बार सभागार में आम सभा की बैठक आयोजित की गई।

बैठक में अधिवक्ताओं ने कथित तौर पर अपमानजनक व्यवहार और विधि विरुद्ध तरीके से अवमानना की कार्यवाही किए जाने के मुद्दे पर अपनी आपत्ति जताई। आम सभा में उपस्थित अधिवक्ताओं ने सर्वसम्मति से संबंधित घटनाक्रम और कथित अधिवक्ता विरोधी गतिविधियों के खिलाफ निंदा प्रस्ताव पारित किया।

वादकारियों के हितों की सुरक्षा के लिए जिला जज को भेजा मांग पत्र

आम सभा के दौरान सिविल कोर्ट में आने वाले वादकारियों के हितों को सुरक्षित रखने की मांग भी उठाई गई। इस संबंध में जिला जज अरविंद मलिक को मांग पत्र भेजा गया। अधिवक्ताओं ने न्यायिक प्रक्रिया में निष्पक्षता बनाए रखने और वादकारियों के हितों की रक्षा को आवश्यक बताया।

नैनीताल कोतवाली के बाहर क्यों जुटी भीड़? जातिसूचक टिप्पणी के आरोप से मचा हंगामा, कार्रवाई की मांग

उत्पीड़नात्मक कार्रवाई हुई तो आंदोलन की चेतावनी

आम सभा में सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित किया गया कि यदि इलाहाबाद हाईकोर्ट द्वारा वहां के अधिवक्ताओं के विरुद्ध अवमानना अथवा किसी अन्य प्रकार की उत्पीड़नात्मक कार्रवाई की जाती है, तो अधिवक्ताओं का आक्रोश आंदोलन का रूप ले सकता है। बैठक में अधिवक्ताओं की गरिमा और उनके अधिकारों की रक्षा का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया।

न्यायमूर्तियों के व्यवहार की भी निष्पक्ष जांच की मांग

बार एसोसिएशन के महामंत्री प्रमोद त्रिपाठी ने कहा कि न्यायिक प्रक्रिया में निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए न्यायमूर्तियों के व्यवहार से जुड़े आरोपों की भी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। उन्होंने इस विषय में स्वतंत्र न्यायिक आयोग के माध्यम से मामले का परीक्षण कराए जाने की आवश्यकता पर बल दिया।

नैनीताल कोतवाली के बाहर क्यों जुटी भीड़? जातिसूचक टिप्पणी के आरोप से मचा हंगामा, कार्रवाई की मांग

वहीं, वरिष्ठ अधिवक्ता धर्मेंद्र त्रिपाठी ने अधिवक्ता गरिमा की रक्षा के लिए चल रहे संघर्ष में जनपद स्तर से लेकर प्रदेश स्तर तक सिविल कोर्ट महराजगंज के अधिवक्ताओं की ओर से समर्थन का आश्वासन दिया।

बड़ी संख्या में अधिवक्ताओं ने लिया हिस्सा

आम सभा की बैठक में पूर्व अध्यक्ष शंभू शरण पांडेय, हमीदुल्लाह खान, नरेंद्र श्रीवास्तव, जितेंद्र सिंह, रमेश मिश्रा, धर्मेंद्र त्रिपाठी, अनूप सिंह, सत्य प्रकाश सिंह, वकील प्रजापति, वशिष्ठ मिश्रा, संतोष पटेल, सुरेंद्र सिंह गांधी, महताब, अभिजीत सिंह, हरेंद्र मिश्रा, कैलाश अग्निहोत्री, कौशल किशोर पांडेय, दयाराम चौधरी, आशीष शुक्ला, महेंद्र पांडेय, अरुण सिंह और उमेश गुप्ता सहित बड़ी संख्या में अधिवक्ता उपस्थित रहे।

Location :  Maharajganj

Published :  29 October 2026, 4:45 PM IST