Maharajganj: यूपी बोर्ड परीक्षा को नकलविहीन बनाने पर प्रशासन सख्त, डीएम की अध्यक्षता में हुई ये समीक्षा

महराजगंज में 18 फरवरी से शुरू हो रही यूपी बोर्ड परीक्षा को शुचितापूर्ण और नकलविहीन कराने को लेकर जिलाधिकारी ने अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर सख्त निर्देश जारी किए। सीसीटीवी, मूलभूत सुविधाओं और सतर्क निगरानी पर विशेष जोर दिया गया।

Updated : 11 February 2026, 4:25 PM IST

महराजगंज: जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा की अध्यक्षता में यूपी बोर्ड परीक्षा 2026 को सकुशल, शांतिपूर्ण एवं नकलविहीन ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जीएसवीएस इंटर कॉलेज में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में सेक्टर मजिस्ट्रेट, स्टैटिक मजिस्ट्रेट, केंद्र व्यवस्थापक एवं बाह्य केंद्र व्यवस्थापक उपस्थित रहे।

किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं

जिलाधिकारी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि बोर्ड परीक्षा विद्यार्थियों के भविष्य से जुड़ी अत्यंत महत्वपूर्ण परीक्षा है और इसकी शुचिता बनाए रखना शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी अधिकारियों को सतर्क और जिम्मेदार रहते हुए कार्य करने के निर्देश दिए। कहा कि परीक्षा के दौरान किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी, क्योंकि छोटी सी चूक भी परीक्षा की निष्पक्षता पर सवाल खड़े कर सकती है।

क्षेत्रों के केंद्रों का निरीक्षण

डीएम ने सभी परीक्षा केंद्रों पर पेयजल, स्वच्छ शौचालय एवं परीक्षा कक्षों में पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया। साथ ही निर्देश दिया कि परीक्षा से पूर्व सेक्टर व स्टैटिक मजिस्ट्रेट अपने-अपने क्षेत्रों के केंद्रों का निरीक्षण अवश्य करें और यदि कोई कमी पाई जाए तो समय रहते उसे दूर कराया जाए।

 सीसीटीवी कैमरे अनिवार्य 

उन्होंने जिला विद्यालय निरीक्षक (डीआईओएस) को सभी परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे अनिवार्य रूप से लगवाने का निर्देश देते हुए कहा कि निगरानी व्यवस्था मजबूत होगी तो नकल जैसी गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण संभव होगा।

अनियमितता पर तत्काल कार्रवाई

जिलाधिकारी ने यह भी कहा कि परीक्षा से संबंधित शासन द्वारा जारी सभी दिशा-निर्देशों का गंभीरता से अध्ययन करें और उनका कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित किया जाए। किसी भी प्रकार की अनुशासनहीनता या अनियमितता पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी।

इससे पूर्व डीआईओएस पी.के. शर्मा ने परीक्षा की पूरी प्रक्रिया, केंद्रों की व्यवस्था एवं प्रशासनिक जिम्मेदारियों की विस्तृत जानकारी उपस्थित अधिकारियों को दी। बताया गया कि यूपी बोर्ड की परीक्षाएं 18 फरवरी 2026 से प्रारंभ होकर 12 मार्च 2026 तक संचालित होंगी।

 सख्त निगरानी

बैठक में अपर जिलाधिकारी (वि/रा) डॉ. प्रशांत कुमार, उपजिलाधिकारी निचलौल सिद्धार्थ गुप्ता, सीओ सदर जे.पी. तिवारी, बीएसए ऋद्धि पांडेय, जीएसवीएस इंटर कॉलेज के प्राचार्य सहित सभी सेक्टर एवं स्टैटिक मजिस्ट्रेट तथा परीक्षा केंद्रों के व्यवस्थापक मौजूद रहे। प्रशासन ने स्पष्ट संकेत दिया है कि इस बार यूपी बोर्ड परीक्षा में नकल पर पूरी तरह से लगाम लगाने के लिए सख्त निगरानी और जिम्मेदार अधिकारियों की तैनाती के साथ कोई भी समझौता नहीं किया जाएगा।

 

Location : 
  • Maharajganj

Published : 
  • 11 February 2026, 4:25 PM IST