नेपाल से आ रहा पानी बढ़ाएगा गंडक का जलस्तर? महाराजगंज प्रशासन हुआ अलर्ट

महराजगंज में गंडक नदी के बढ़ते जलस्तर को लेकर प्रशासन अलर्ट हो गया है। नेपाल के ऊपरी जल ग्रहण क्षेत्र में बढ़े जल प्रवाह के चलते निचलौल तहसील में बाढ़ कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। 24 घंटे निगरानी के लिए कर्मचारियों की शिफ्टवार ड्यूटी लगाई गई है।

Post Published By: Nitin Parashar
Updated : 26 August 2026, 9:52 PM IST
google-preferred

Maharajganj : नेपाल के ऊपरी जल ग्रहण क्षेत्र में जल प्रवाह की स्थिति को देखते हुए जिले में गंडक नदी के जलस्तर में तेजी से वृद्धि होने की संभावना जताई गई है। संभावित बाढ़ के खतरे को देखते हुए जिला प्रशासन ने सतर्कता बढ़ा दी है और संवेदनशील क्षेत्रों पर निगरानी शुरू कर दी है।

निचलौल तहसील में स्थापित हुआ बाढ़ कंट्रोल रूम

आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए निचलौल तहसील क्षेत्र में तहसील स्तरीय बाढ़ कंट्रोल रूम की स्थापना की गई है। इस कंट्रोल रूम के माध्यम से गंडक नदी के जलस्तर, नदी किनारे बसे क्षेत्रों और संभावित बाढ़ की स्थिति पर लगातार नजर रखी जाएगी।

महराजगंज में खाद्य विभाग का एक्शन, खोया-पनीर को लेकर खुल सकता है बड़ा राज

प्रशासन ने बताया कि कंट्रोल रूम के जरिए मिलने वाली सूचनाओं को तत्काल संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाया जाएगा, ताकि समय रहते आवश्यक कदम उठाए जा सकें।

नायब तहसीलदार को सौंपी गई जिम्मेदारी

प्रशासन की ओर से जारी आदेश के अनुसार बाढ़ कंट्रोल रूम के सुचारू संचालन और सूचनाओं के त्वरित आदान-प्रदान के लिए कर्मचारियों की शिफ्टवार ड्यूटी तय की गई है। कंट्रोल रूम की जिम्मेदारी नायब तहसीलदार निचलौल पियूष कुमार जायसवाल को सौंपी गई है। उन्हें नोडल अधिकारी बनाते हुए पूरी व्यवस्था की निगरानी करने के निर्देश दिए गए हैं।

24 घंटे निगरानी के लिए तीन शिफ्टों में तैनाती

प्रशासन ने कंट्रोल रूम में कर्मचारियों की ड्यूटी तीन शिफ्टों में निर्धारित की है। जिससे 24 घंटे सूचनाओं का आदान-प्रदान और जरूरी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

पहली शिफ्ट :  शाम 6 बजे से रात 2 बजे तक लेखपाल रितेश कुमार त्रिपाठी और दीपचन्द की ड्यूटी लगाई गई है।
दूसरी शिफ्ट : रात 2 बजे से सुबह 10 बजे तक लेखपाल रामानन्द चौधरी और पेशकार ओमप्रकाश जिम्मेदारी संभालेंगे।
तीसरी शिफ्ट : सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक लेखपाल संदीप मद्धेशिया, अम्ब्रीश कान्दु और चन्दन कुमार की ड्यूटी निर्धारित की गई है।

संवेदनशील इलाकों पर रहेगी विशेष नजर

प्रशासन का उद्देश्य संभावित बाढ़ की स्थिति में किसी भी सूचना को तुरंत प्राप्त कर संबंधित विभागों तक पहुंचाना है। खासतौर पर गंडक नदी के आसपास के निचले और संवेदनशील क्षेत्रों में जलस्तर बढ़ने की स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जाएगी।

नेपाल के ऊपरी जल ग्रहण क्षेत्रों में भारी जल प्रवाह का असर सीमावर्ती इलाकों में नदी के जलस्तर पर पड़ सकता है। इसी को देखते हुए प्रशासन पहले से तैयारियों में जुट गया है।

ग्रामीणों से प्रशासन की अपील

प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि नदी का जलस्तर बढ़ने की स्थिति में अनावश्यक रूप से नदी और जलभराव वाले क्षेत्रों की ओर न जाएं। साथ ही प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।

इसके अलावा लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और केवल आधिकारिक सूचनाओं पर भरोसा करने की अपील की गई है। सोशल मीडिया या अन्य माध्यमों से मिलने वाली अपुष्ट खबरों के आधार पर घबराने के बजाय प्रशासन के निर्देशों का पालन करने को कहा गया है।

Location :  Maharajganj

Published :  26 August 2026, 9:51 PM IST

Related News

Advertisement