हिंदी
डीएम-एसपी ने शिव मंदिरों का किया निरीक्षण
Maharajganj: महाशिवरात्रि पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा और पुलिस अधीक्षक सोमेंद्र मीणा ने इटहिया पंचमुखी महादेव शिव मंदिर एवं कटहरा शिव मंदिर का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान दोनों अधिकारियों ने श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा व्यवस्था और भीड़ नियंत्रण को लेकर की गई तैयारियों का बारीकी से जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने श्रद्धालुओं के आने-जाने के मार्ग, पार्किंग व्यवस्था, बैरिकेडिंग, सीसीटीवी कैमरे और कंट्रोल रूम की स्थिति का अवलोकन किया। उन्होंने बताया कि मेला क्षेत्र में सुरक्षा को मजबूत करने के लिए कुल 47 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, जिनकी निगरानी कंट्रोल रूम से की जा रही है। अधिक भीड़ की स्थिति में पुलिस व्यवस्था को और सुदृढ़ रखने के निर्देश भी दिए गए।
महिलाओं की सुरक्षा को विशेष प्राथमिकता देते हुए जिलाधिकारी ने पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही मेले में लगने वाली दुकानों को सुव्यवस्थित रखने, खाद्य सामग्री की गुणवत्ता पर निगरानी रखने और मूल्य दर एक समान रखने के निर्देश दिए। स्वच्छता व्यवस्था को दुरुस्त रखने पर भी विशेष जोर दिया गया।
विद्युत सुरक्षा को लेकर जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि कहीं भी नंगे या नीचे लटकते तार न रहें तथा केवल केबल तारों का ही प्रयोग किया जाए, ताकि किसी प्रकार की दुर्घटना से बचा जा सके। मंदिर परिसर में कचरा न फैलाने और जैविक खाद निर्माण हेतु कचरे के उचित निस्तारण के लिए एसडीएम को निर्देशित किया गया।
पुलिस अधीक्षक सोमेंद्र मीणा ने मंदिर परिसर व मार्गों पर तैनात पुलिसकर्मियों को भीड़ प्रबंधन और जलाभिषेक को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी स्थिति से निपटने के लिए पुलिस पूरी तरह सतर्क रहे।
इसके अतिरिक्त मंदिर परिसर और आसपास पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, मोबाइल टॉयलेट, अग्निशमन व्यवस्था तथा कर्मचारियों की पहचान पत्र सहित तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। कटहरा शिव मंदिर में दुकानों को सुव्यवस्थित करने और नवनिर्मित सामुदायिक शौचालय को श्रद्धालुओं की सुविधा हेतु खोलने के आदेश भी दिए गए।
निरीक्षण के उपरांत दोनों अधिकारियों ने भगवान शिव का जलाभिषेक व पूजन-अर्चन कर जिलेवासियों को महाशिवरात्रि की शुभकामनाएं दीं। इटहिया शिव मंदिर परिसर में जिलाधिकारी द्वारा ध्यान केंद्र/वाचनालय का फीता काटकर उद्घाटन भी किया गया, जिससे आध्यात्मिक एवं अध्ययनशील लोगों को एक शांत वातावरण उपलब्ध हो सकेगा।
इस अवसर पर एसडीएम निचलौल सिद्धार्थ गुप्ता, एसडीएम सदर जितेंद्र कुमार, तहसीलदार निचलौल अमित सिंह, सीओ बलंत सिंह, बीडीओ शमां सिंह सहित संबंधित पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।
Location : Maharajganj
Published : 12 February 2026, 6:06 PM IST
Topics : DM SP Maharajganj mahashivratri spected