Budaun: हादसा पीड़ितों के घर पहुंचे आदित्य यादव, जनता की समस्याओं पर दिया भरोसा

बदायूं के बिसौली क्षेत्र में सांसद आदित्य यादव ने हादसों के पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की। दौरे के दौरान उन्होंने ग्रामीणों की समस्याएं भी सुनीं और समाधान का भरोसा दिया।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 25 June 2026, 6:45 PM IST

Budaun: समाजवादी पार्टी के बदायूं लोकसभा क्षेत्र के सांसद आदित्य यादव ने विधानसभा क्षेत्र बिसौली का सघन भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने न केवल क्षेत्रीय जनता और पार्टी कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद कर समस्याएं सुनीं, बल्कि हाल के दर्दनाक हादसों में अपनों को खोने वाले परिवारों के घर पहुंचकर दुख भी साझा किया।

मेंथा प्लांट हादसे में दो भाइयों की मौत

सांसद आदित्य यादव सबसे पहले ग्राम सुरैनी पापड़ी पहुंचे। यहां कुछ दिन पहले मेंथा प्लांट में जहरीली गैस रिसाव की चपेट में आने से बट्टू सिंह यादव के दो पुत्रों का आकस्मिक निधन हो गया था। सांसद ने शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर ढांढस बंधाया। उन्होंने कहा कि दुख की इस घड़ी में वह और पूरी पार्टी परिवार के साथ खड़ी है। दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए उन्होंने ईश्वर से परिजनों को यह असीम दुख सहने की शक्ति देने की कामना की। इसी हादसे में बेहोश हुए मनवीर के शीघ्र स्वस्थ होने की भी उन्होंने कामना की।

Budaun News: तीन दिन थाने में क्या हुआ? नाबालिग के पिता ने SSP से मांगा इंसाफ

शाहबाद सड़क हादसा

इसके बाद सांसद थाना फैजगंज बेहटा क्षेत्र के ग्राम पिसनहारी पहुंचे। रामपुर के शाहबाद क्षेत्र में हुए भीषण सड़क हादसे में यहां के निवासी खुर्शीद खां के दो मासूम पुत्रों की असमय मृत्यु हो गई थी। आदित्य यादव ने घर पहुंचकर परिजनों का दुख बांटा और गहरी शोक संवेदना व्यक्त की। हादसे में गंभीर रूप से घायल पुत्री के जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना भी की।

पीड़ित परिवारों के बीच पहुंचे सांसद

"जनता की आवाज उठाना प्राथमिकता"

भ्रमण के दौरान सांसद ने बिसौली क्षेत्र के विभिन्न गांवों में आमजन और सपा कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की। लोगों ने सड़क, बिजली, पानी और स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़ी समस्याएं रखीं। सांसद आदित्य यादव ने कहा कि क्षेत्रवासियों की समस्याओं का समाधान उनकी पहली प्राथमिकता है। वह लगातार जनता के बीच रहकर उनकी आवाज को सदन से सड़क तक मजबूती से उठाते रहेंगे।

Budaun: कपड़ा चोरी के शक में महिला पर जुल्म, घर में घुसकर दबंगों ने की बेरहमी से पिटाई

ये रहे मौजूद

इस मौके पर सपा जिलाध्यक्ष आशीष यादव, विधायक हिमांशु यादव, जिला उपाध्यक्ष सुनील यादव, फखरे अहमद शोवी, सुरेंद्र यादव, सतीश प्रेमी, सुरेंद्र सागर, खजाना देवी, महेंद्र प्रताप, मोर सिंह पाल, राजेंद्र गुरु समेत कई वरिष्ठ नेता व कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Location :  Budaun

Published :  25 June 2026, 6:45 PM IST