एडीजी जोन मुथा अशोक जैन ने गोरखपुर महोत्सव स्थल का किया व्यापक निरीक्षण, सुरक्षा व व्यवस्थाओं पर दिए सख्त निर्देश

आगामी गोरखपुर महोत्सव को लेकर प्रशासनिक और पुलिस महकमा पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। इसी क्रम में गुरुवार को एडीजी जोन मुथा अशोक जैन ने महोत्सव स्थल का स्थलीय निरीक्षण कर तैयारियों की गहन समीक्षा की। पढिए पूरी खबर

Updated : 8 January 2026, 8:03 PM IST

गोरखपुर: आगामी गोरखपुर महोत्सव को लेकर प्रशासनिक और पुलिस महकमा पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। इसी क्रम में गुरुवार को एडीजी जोन मुथा अशोक जैन ने महोत्सव स्थल का स्थलीय निरीक्षण कर तैयारियों की गहन समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि गोरखपुर महोत्सव जनसांस्कृतिक और जनसरोकार से जुड़ा बड़ा आयोजन है, ऐसे में सुरक्षा, यातायात और जनसुविधाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

व्यवस्थागत कार्यों का बारीकी से जायजा

निरीक्षण के समय मंडलायुक्त अनिल ढींगरा, डीआईजी रेंज एस. चनप्पा, डीआईजी/वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राज करन नय्यर, जिलाधिकारी दीपक मीणा, गोरखपुर विकास प्राधिकरण (जीडीए) के उपाध्यक्ष, महोत्सव के नोडल अधिकारी आनंद वर्धन तथा जीडीए सचिव पुष्पराज सिंह मौजूद रहे। अधिकारियों ने महोत्सव स्थल पर चल रहे निर्माण, सजावट और व्यवस्थागत कार्यों का बारीकी से जायजा लिया।

 प्रशासन और अन्य विभागों के बीच बेहतर समन्वय

एडीजी जोन ने सुरक्षा व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए सीसीटीवी कैमरों की पर्याप्त संख्या में स्थापना, कंट्रोल रूम की प्रभावी निगरानी, प्रवेश व निकास मार्गों की स्पष्ट व्यवस्था तथा भीड़ नियंत्रण के ठोस इंतजाम करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि महोत्सव के दौरान किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पुलिस, प्रशासन और अन्य विभागों के बीच बेहतर समन्वय आवश्यक है।

संबंधित विभागों को निर्देश

मंडलायुक्त अनिल ढींगरा ने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि साफ-सफाई, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था और शौचालय जैसी बुनियादी सुविधाएं समय से पूर्ण कर ली जाएं। उन्होंने कहा कि महोत्सव की छवि तभी बेहतर बनेगी जब आमजन को सुविधाजनक और स्वच्छ वातावरण मिलेगा।

पार्किंग स्थलों को सुव्यवस्थित

डीआईजी रेंज एस. चनप्पा एवं डीआईजी/एसएसपी राज करन नय्यर ने यातायात व्यवस्था को लेकर विशेष दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि पार्किंग स्थलों को सुव्यवस्थित किया जाए और प्रमुख मार्गों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जाए। संवेदनशील स्थानों की पहचान कर वहां विशेष निगरानी रखने पर भी जोर दिया गया।

भारतीय बाजार में टाटा की बड़ी पेशकश, लेकिन कीमत और फीचर्स ने बढ़ाई उत्सुकता, जानिए क्या है खास

जिलाधिकारी दीपक मीणा ने स्वास्थ्य सेवाओं, अग्निशमन व्यवस्था और आपदा प्रबंधन को लेकर अधिकारियों को सतर्क रहने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि सभी विभाग आपसी तालमेल के साथ कार्य करें ताकि किसी भी स्थिति में त्वरित कार्रवाई संभव हो सके। निरीक्षण के अंत में एडीजी जोन मुथा अशोक जैन ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्धारित समय-सीमा के भीतर सभी तैयारियां पूरी कर ली जाएं, ताकि गोरखपुर महोत्सव शांतिपूर्ण, सुरक्षित और भव्य रूप से संपन्न हो सके।

Location : 
  • गोरखपुर

Published : 
  • 8 January 2026, 8:03 PM IST