स्मार्ट मीटर के खिलाफ बलरामपुर में आप का हल्लाबोल, राज्यपाल को भेजा ज्ञापन

रविवार का दिन बलरामपुर में बिजली के मुद्दे पर गरम रहा। आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता स्मार्ट मीटर से बढ़ती परेशानियों को लेकर सड़क पर उतरे और कलेक्ट्रेट तक मार्च किया। पार्टी नेताओं ने तहसीलदार सदर अभिनव सिंह चौहान को राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा।

Balrampur:  जिले में बिजली के स्मार्ट मीटरों से बढ़ते बिल और प्रीपेड व्यवस्था की तकनीकी खामियों के खिलाफ रविवार को बड़ा विरोध प्रदर्शन देखने को मिला। आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने जिला कलेक्ट्रेट तक मार्च निकालकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन प्रशासन को सौंपा।

पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के नेतृत्व में हुए इस प्रदर्शन में मुख्य रूप से उन तकनीकी गड़बड़ियों को मुद्दा बनाया गया, जिसके कारण उपभोक्ताओं को उनकी खपत से कई गुना अधिक बिल थमाए जा रहे हैं।

गरीब पर बढ़ा आर्थिक बोझ

विरोध के दौरान यह बात प्रमुखता से उठाई गई कि जिन घरों का बिल पहले काफी कम आता था, स्मार्ट मीटर लगने के बाद वहां अचानक भारी बढ़ोतरी हुई है, जिससे मध्यम और गरीब वर्ग के परिवारों पर आर्थिक बोझ बढ़ गया है।

BHU में चमके बलरामपुर के खिलाड़ी, 10 मेडल जीतकर बढ़ाया मान

इसके अलावा प्रीपेड मीटरों की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए गए। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि समय पर भुगतान और रिचार्ज करने के बावजूद उपभोक्ताओं को घंटों बिजली कटौती का सामना करना पड़ रहा है।

किसानों की समस्याओं को रेखांकित करते हुए ज्ञापन में कहा गया कि ग्रामीण इलाकों में नलकूपों पर लगे 4जी सिम वाले मीटर नेटवर्क की कमी के कारण अक्सर काम नहीं करते, जिससे खेतों की सिंचाई में बाधा आ रही है।

बलरामपुर में तेज रफ्तार का कहर: सीमेंट तले दफन हुई खुशियां, एक झटके में उजड़ गया गुलाम का परिवार

बिजली के बिलों से आम आदमी परेशान

भीषण गर्मी के इस दौर में बिजली की अनिश्चितता और बिलिंग की गड़बड़ियों ने आम जनता को परेशान कर रखा है। 'आप' नेताओं ने इस पूरी मीटरिंग व्यवस्था की निष्पक्ष तकनीकी और वित्तीय जांच कराने के साथ-साथ दोषी अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की है। पार्टी ने स्पष्ट किया कि जब तक उपभोक्ताओं को इस समस्या से राहत नहीं मिलती, उनका संघर्ष जारी रहेगा।

Location :  Balrampur

Published :  3 May 2026, 6:34 PM IST

Advertisement