महराजगंज के कोतवाली क्षेत्र में पुरानी रंजिश को लेकर ग्राम प्रधान पर देर रात हमले की बड़ी वारदात सामने आयी है। पुलिस ने तीन नामजद और दो अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है, जबकि गिरफ्तारी न होने पर प्रधान संघ ने ये हिदायत दी है।

महराजगंज में ग्राम प्रधान पर जानलेवा हमला
Maharajganj: जनपद के कोतवाली थाना क्षेत्र में एक ग्राम प्रधान पर देर रात जानलेवा हमला किए जाने से इलाके में सनसनी फैल गई। पुरानी रंजिश को लेकर हमलावरों ने रास्ते में घेरकर हाकी, रॉड और लोहे की सरिया से हमला कर ग्राम प्रधान को गंभीर रूप से घायल कर दिया। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने तीन नामजद और दो अज्ञात समेत कुल पांच लोगों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
जानकारी के अनुसार ग्राम सिंहपुर, पकड़ी नौनिया निवासी ग्राम प्रधान अम्बरीश शाही पुत्र अभिमन्यु शाही ने कोतवाली पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि 3 मार्च की रात करीब 9:30 बजे गांव के ही कुलदीप वर्मा पुत्र भरथरी वर्मा, रितेश पुत्र गया और प्रदीप पुत्र भरथरी वर्मा सहित दो अन्य अज्ञात युवक पुरानी रंजिश को लेकर उन्हें फोन पर गाली-गलौज करने लगे।
आरोप है कि कुछ देर बाद सभी आरोपी रास्ते में घात लगाकर बैठ गए और ग्राम प्रधान को रोककर हाकी, रॉड और लोहे की सरिया से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में अम्बरीश शाही गंभीर रूप से घायल हो गए और मौके पर ही बेहोश होकर गिर पड़े। घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों और परिजनों ने उन्हें इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया।
Rajya Sabha Election: बिहार में NDA के 5 उम्मीदवारों ने किया नामांकन, जीतना तय
पीड़ित की तहरीर के आधार पर कोतवाली पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) 2023 की धारा 110, 115(2), 352 और 351(3) के तहत आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
वहीं घटना के बाद भी आरोपियों की गिरफ्तारी न होने से प्रधान संघ में नाराजगी देखने को मिल रही है। प्रधान संघ के पदाधिकारियों ने पुलिस प्रशासन से तत्काल गिरफ्तारी की मांग करते हुए चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो जिले का प्रधान संघ सड़क पर उतरकर आंदोलन करेगा।
महराजगंज में तेज रफ्तार का कहर: कार वाले ने बाइक सवार को कुचला, ऑन द स्पॉट मौत
बताया जा रहा है कि इस मामले को लेकर प्रधान संघ का प्रतिनिधिमंडल जल्द ही पुलिस अधीक्षक से मुलाकात कर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग करेगा। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और आरोपियों की तलाश की जा रही है।