सीतापुर में थाली में खाना या लापरवाही? वायरल वीडियो के बाद स्कूल पर हुआ बड़ा एक्शन

सीतापुर के सरकारी स्कूल में मिड-डे मील की बदहाल व्यवस्था का वीडियो वायरल होने के बाद शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया। बच्चों को खराब गुणवत्ता वाली सब्जी और रोटी परोसने के मामले में प्रधानाध्यापिका को निलंबित कर दिया गया है। रसोइया की सेवा समाप्त कर दी गई।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 5 August 2026, 8:38 PM IST

Sitapur : जिले के एक सरकारी स्कूल में बच्चों के खाने को लेकर सामने आई लापरवाही ने शिक्षा विभाग की व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्कूल में बच्चों को कथित तौर पर पानी जैसी सब्जी और फेंककर रोटियां परोसने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ, जिसके बाद अधिकारियों में हड़कंप मच गया। मामले की जांच के बाद विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए प्रधानाध्यापिका को निलंबित कर दिया है। रसोइया की सेवा समाप्त कर दी गई है।

वायरल वीडियो ने खोली मिड-डे मील व्यवस्था की पोल

मामला महमूदाबाद विकासखंड के छंगापुर प्राथमिक विद्यालय का है। सोमवार को स्कूल में मिड-डे मील के तहत बच्चों को आलू-तोरई की बेहद पतली सब्जी और रोटियां परोसी गई थीं। आरोप है कि बच्चों को रोटियां सही तरीके से देने के बजाय फेंककर दी गईं। इतना ही नहीं, कुछ रोटियां जमीन पर गिरने के बाद भी बच्चों को खाने के लिए दिए जाने की बात सामने आई। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।

जांच में सामने आई कई खामियां

वीडियो वायरल होने के बाद बुधवार को बीएसए गोरखनाथ पटेल अपनी टीम के साथ छंगापुर प्राथमिक विद्यालय पहुंचे। अधिकारियों ने बच्चों से बातचीत कर पूरे मामले की जानकारी ली। जांच के दौरान वायरल वीडियो सही पाया गया। अधिकारियों की जांच में भोजन की गुणवत्ता खराब होने, दूध वितरण में अनियमितता और मिड-डे मील के तय मानकों का पालन नहीं किए जाने की पुष्टि हुई।

इश्क की ऐसी सजा कि सहम गया पूरा इलाका, सीतापुर हत्याकांड का वो काला सच जिसने सबको हिलाया

प्रधानाध्यापिका निलंबित

मामले में कार्रवाई करते हुए बीएसए ने प्रधानाध्यापिका कल्पना वर्मा को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। वहीं रसोइया अनीता की सेवा समाप्त कर दी गई। इसके अलावा स्कूल की निगरानी व्यवस्था में लापरवाही मिलने पर संबंधित बीईओ इंद्रमणि पटेल को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।

एक महीने में देनी होगी जांच रिपोर्ट

पूरे मामले की विस्तृत जांच बीईओ पुष्पराज सिंह को सौंपी गई है। उन्हें एक महीने के अंदर अपनी रिपोर्ट अधिकारियों को सौंपने के निर्देश दिए गए हैं। सरकारी स्कूलों में बच्चों को बेहतर और पौष्टिक भोजन देने के दावों के बीच सामने आई यह घटना कई सवाल खड़े कर रही है। अब विभागीय कार्रवाई के बाद देखने वाली बात होगी कि स्कूलों में मिड-डे मील व्यवस्था में कितना सुधार होता है।

Location :  Sitapur

Published :  5 August 2026, 8:38 PM IST