हिंदी
तस्कर गिरफ्तार
महराजगंज: जिले में भारत-नेपाल सीमा पर स्थित सोनौली क्षेत्र में पुलिस और सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की संयुक्त कार्रवाई में मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता हाथ लगी है। सुरक्षा बलों ने 7 किलोग्राम अवैध गांजा के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। जब्त किए गए गांजे की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत लगभग 7 करोड़ रुपये बताई जा रही है।
क्या है पूरी खबर?
मिली जानकारी के अनुसार, सीमा क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों को लेकर पुलिस और एसएसबी को गुप्त सूचना मिली थी। इसके बाद संयुक्त टीम ने सोनौली सीमा पर सघन चेकिंग अभियान चलाया। इसी दौरान दो संदिग्ध व्यक्तियों को रोककर जब उनकी तलाशी ली गई तो उनके पास से भारी मात्रा में गांजा बरामद हुआ। बरामदगी के तुरंत बाद दोनों आरोपियों को मौके पर ही हिरासत में ले लिया गया।
दस्तावेजों की गहन जांच
प्राथमिक पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि वे नेपाल के रास्ते गांजा भारत में तस्करी कर लाए थे और इसे देश के अन्य राज्यों में सप्लाई करने की योजना थी। सुरक्षा एजेंसियों को आशंका है कि इसके पीछे किसी बड़े अंतरराष्ट्रीय तस्करी नेटवर्क का हाथ हो सकता है। इसी दिशा में आरोपियों के मोबाइल फोन, संपर्क सूत्रों और अन्य दस्तावेजों की गहन जांच की जा रही है।
मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई
नौतनवा क्षेत्राधिकारी अंकुर गौतम ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्तों से पूछताछ जारी है और उनके खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि सीमा क्षेत्र में नशीले पदार्थों की तस्करी पर रोक लगाने के लिए चेकिंग अभियान को और अधिक तेज किया जाएगा।
Location : Maharajganj
Published : 12 February 2026, 6:34 PM IST
Topics : Consignment Crore Maharajganj nepal border