
लखनऊ में सस्ते घर का सुनहरा मौका! (IMG: Dynamite News)
Lucknow: राजधानी में सस्ते घर का सपना देखने वालों के लिए बड़ी खुशखबरी है। लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) आगरा एक्सप्रेसवे के पास एक और विशाल आवासीय योजना लेकर आ रहा है। शासन ने इस परियोजना को मंजूरी दे दी है और पहली किस्त के रूप में करीब 300 करोड़ रुपये भी जारी कर दिए हैं। प्रस्तावित 'वशिष्ठ नगर' योजना 1305 एकड़ क्षेत्र में विकसित होगी, जिस पर करीब 1035 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इस योजना से दो लाख से अधिक लोगों को आवास मिलेगा, जबकि LDA की कुल पांच नई आवासीय योजनाओं से लगभग 10 लाख लोगों को लाभ मिलने की उम्मीद है।
LDA की नई आवासीय योजना आगरा एक्सप्रेसवे पर प्रस्तावित वरुण विहार योजना के सामने वाली पट्टी पर विकसित की जाएगी। इस टाउनशिप को मुख्यमंत्री शहरी विस्तारीकरण योजना के तहत तैयार किया जा रहा है। योजना का प्रस्ताव 13 अगस्त को होने वाली LDA बोर्ड बैठक में रखा जाएगा। इस परियोजना में रेवरी, भलिया, गहलवारा, आदमपुर इंदवारा, बहरू और जलियामऊ समेत छह गांवों की जमीन शामिल होगी।
करीब 1305 एकड़ में विकसित होने वाली इस योजना पर 1035 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। शासन पहली किस्त के तौर पर लगभग 300 करोड़ रुपये की मंजूरी दे चुका है। योजना में किसानों से जमीन आपसी सहमति से खरीदी जाएगी, जिससे भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया की आवश्यकता नहीं पड़ेगी।
एलडीए की वरुण विहार योजना को लेकर पहले ही दावा किया जा चुका है कि वहां आवासीय भूखंड अपेक्षाकृत कम कीमत पर उपलब्ध होंगे। इसी तर्ज पर प्रस्तावित वशिष्ठ नगर में भी जमीन की कीमत करीब 2500 रुपये प्रति वर्ग फीट रहने की संभावना जताई जा रही है। इससे मध्यम वर्ग और पहली बार घर खरीदने वालों को बड़ी राहत मिल सकती है।
LDA के अनुसार, वशिष्ठ नगर को आगरा एक्सप्रेसवे, मोहन रोड, लिंक एक्सप्रेसवे और वरुण विहार जैसे प्रमुख कॉरिडोर से जोड़ा जाएगा। भविष्य में हैदर कैनाल एलिवेटेड एक्सप्रेसवे बनने के बाद हजरतगंज से इस क्षेत्र तक की दूरी लगभग 20 मिनट में पूरी होने का अनुमान है, जबकि वर्तमान में इसमें करीब 50 मिनट लगते हैं।
LDA फिलहाल आईटी सिटी, वेलनेस सिटी, नैमिष नगर, वरुण विहार और अब वशिष्ठ नगर जैसी पांच बड़ी आवासीय योजनाओं पर काम कर रहा है। इन सभी परियोजनाओं के पूरा होने के बाद करीब 10 लाख लोगों को आवासीय सुविधा मिलने की उम्मीद है।
LDA की नैमिष नगर और वरुण विहार योजनाओं का रेरा पंजीकरण पूरा हो चुका है। प्राधिकरण के अनुसार अब सिर्फ मुख्यमंत्री से समय मिलने का इंतजार है। मुख्यमंत्री की स्वीकृति मिलते ही दोनों योजनाएं लॉन्च कर दी जाएंगी। LDA के उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने बताया कि सभी कानूनी प्रक्रियाएं पूरी हो चुकी हैं और नई योजनाओं को जल्द शुरू करने की तैयारी पूरी है।
Location : Lucknow
Published : 6 August 2026, 8:04 PM IST