हिंदी
मुगर्रा जरासी गांव में घटनास्थल
Budaun: बदायूं के उसहैत थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक ऐसी वारदात सामने आई। जिसने पूरे इलाके को दहला दिया। मुगर्रा जरासी गांव के तिराहे के पास जब लोगों ने एक अधेड़ व्यक्ति का शव पड़ा देखा तो अफरातफरी मच गई। पेट में गोली लगने के निशान और आसपास फैला खून इस बात की गवाही दे रहा था कि यह कोई हादसा नहीं, बल्कि सुनियोजित हत्या है। इस वारदात की खबर फैलते ही गांव में डर और आक्रोश का माहौल बन गया।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव की पहचान अहमदनगर बछौरा गांव निवासी राजाराम (45) पुत्र भूमिराज के रूप में की। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। उनका कहना है कि राजाराम मेहनत-मजदूरी और गंगा में मछली पकड़कर परिवार का पेट पालता था। किसी को अंदाजा नहीं था कि वह इस तरह मौत का शिकार हो जाएगा। परिवार वालों ने सीधे तौर पर गांव के ही एक हिस्ट्रीशीटर पर हत्या का आरोप लगाया है।
बदायूं पुलिस की बड़ी कार्रवाई: हत्या के दो वांछित अभियुक्तों पर मुठभेड़, जानें कैसे पकड़े गए आरोपी
परिजनों के मुताबिक, दो दिन पहले गंगा में मछली पकड़ने को लेकर राजाराम का गांव के हिस्ट्रीशीटर से झगड़ा हुआ था। उस वक्त गांव के लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत करा दिया था। तभी से आरोपी रंजिश पाले बैठा था। परिवार का दावा है कि उसी रंजिश के चलते राजाराम को गोली मार दी गई। ग्रामीणों के बीच भी यह चर्चा है कि विवाद के बाद से माहौल तनावपूर्ण था।
बदायूं में हिस्ट्रीशीटर से चल रहा था मछली पकड़ने पर विवाद, तिराहे पर मिली लाश, उसहैत थाना क्षेत्र का मामला।@budaunpolice #Budaun pic.twitter.com/YBkNbnr2u3
— डाइनामाइट न्यूज़ हिंदी (@DNHindi) January 6, 2026
घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी डॉ. ब्रजेश सिंह खुद मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि शुरुआती जांच में ऐसा प्रतीत हो रहा है कि हत्या किसी और जगह की गई। पहचान छिपाने या पुलिस को गुमराह करने के इरादे से शव को तिराहे पर लाकर फेंका गया। पुलिस ने फॉरेंसिक टीम को बुलाकर साक्ष्य जुटाए हैं और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है।
कोहरे ने रोकी पढ़ाई, बदायूं में स्कूल-कॉलेज 7 जनवरी तक बंद, बच्चों को मिली राहत
हत्या के बाद गांव और आसपास के इलाके में दहशत का माहौल है। लोग सहमे हुए हैं और पुलिस से जल्द कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। एसएसपी ने भरोसा दिलाया है कि आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उन्हें जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। फिलहाल पुलिस हर एंगल से मामले की जांच में जुटी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
Location : Badaun
Published : 6 January 2026, 3:43 PM IST
Topics : Badaun Badaun Police crime news Murder Case