लखनऊ में गर्लफ्रेंड के साथ घूम रहे 12वीं के छात्र ने कार से 6 को रौंदा, एक मासूम की मौत

लखनऊ के बंथरा इलाके में 12वीं कक्षा के छात्र ने तेज रफ्तार कार से छह लोगों को टक्कर मार दी। हादसे में छह साल के बच्चे की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि पांच अन्य घायल हैं। आरोपी छात्र फरार है, पुलिस ने कार बरामद कर ली है।

Post Published By: Mayank Tawer
Updated : 13 February 2026, 6:32 AM IST
google-preferred

Kanpur: तेज रफ्तार, लापरवाही और कुछ सेकंड की सनक… और फिर सड़क पर चीख-पुकार मच गई। यूपी की राजधानी लखनऊ में गुरुवार शाम एक 12वीं के छात्र ने कार से 6 लोगों को कुचल दिया। हादसे में छह साल के मासूम की मौत हो गई। जबकि पांच लोग जिंदगी और मौत से जूझ रहे हैं।

कैसे हुआ हादसा?

घटना बंथरा थाना क्षेत्र में कानपुर रोड स्थित हनुमान मंदिर के पास शाम करीब 6 बजे की है। पुलिस के मुताबिक, तेज रफ्तार स्विफ्ट कार ने पहले एक ऑटो रिक्शा को टक्कर मारी और फिर सड़क पार कर रहे लोगों को रौंद दिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

मासूम की गई जान

हादसे में अरमान (12), अवध बिहारी (42), साधना वर्मा (35), मीना देवी (60) और 6 वर्षीय दीक्षांत पटेल गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। दीक्षांत की हालत नाजुक होने पर उसे हायर सेंटर रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। परिवार में कोहराम मचा हुआ है।

फेयरवेल से लौट रहा था छात्र

शुरुआती जांच में सामने आया है कि कार 12वीं कक्षा का छात्र चला रहा था। बताया जा रहा है कि वह स्कूल फेयरवेल से अपनी गर्लफ्रेंड के साथ लौट रहा था। हादसे के बाद छात्र ने लड़की को रास्ते में उतार दिया और खुद कार लेकर फरार हो गया।

पुलिस की कार्रवाई

उत्तर प्रदेश पुलिस ने लड़की से पूछताछ के बाद कार बरामद कर ली है। आरोपी छात्र की तलाश में टीमें लगाई गई हैं। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है। बंथरा इलाके में इस घटना के बाद लोगों में गुस्सा है। सवाल उठ रहा है कि नाबालिग के हाथ में कार कैसे आई और इतनी तेज रफ्तार में वाहन क्यों चलाया जा रहा था। पुलिस का कहना है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Location : 
  • Kanpur

Published : 
  • 13 February 2026, 6:32 AM IST

Advertisement
Advertisement