हिंदी
घायल छात्र (Image: Dynamite News)
Greater Noida News: स्कूल परिसर में छात्रों के बीच हुआ मामूली विवाद उस वक्त गंभीर हो गया, जब एक छात्र ने दूसरे की आंख पर डंडे से हमला कर दिया। हमले में कक्षा आठ का छात्र गंभीर रूप से घायल हो गया। उसकी हालत बिगड़ने पर पहले उसे हरियाणा के एक अस्पताल ले जाया गया, जहां से डॉक्टरों ने दिल्ली के एम्स रेफर कर दिया। फिलहाल छात्र का इलाज चल रहा है।
मामला ग्रेटर नोएडा के दनकौर कोतवाली क्षेत्र के लतीफपुर बांगर गांव स्थित प्राथमिक विद्यालय का है। लतीफपुर खादर गांव निवासी रणजीत का बेटा मोहित कक्षा आठ में पढ़ता है। पिता के मुताबिक, शुक्रवार दोपहर करीब 12 बजे स्कूल परिसर में मोहित का गांव के ही एक अन्य छात्र से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर दूसरे छात्र ने डंडे से मोहित की आंख पर वार कर दिया। हमले के बाद मोहित की आंख में गंभीर चोट आई। परिजन तत्काल उसे इलाज के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे।
परिवार पहले घायल छात्र को हरियाणा के एक अस्पताल ले गया था। वहां डॉक्टरों ने उसकी हालत गंभीर देखते हुए उसे दिल्ली के एम्स रेफर कर दिया। इसके बाद परिजन मोहित को एम्स लेकर पहुंचे, जहां उसका इलाज चल रहा है। घटना के बाद परिवार में चिंता का माहौल है। पीड़ित के पिता ने मामले में आरोपी छात्र और उसके परिवार के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
पीड़ित परिवार का आरोप है कि स्कूल में हुई घटना की शिकायत लेकर जब वे आरोपी छात्र के घर पहुंचे, तो वहां उनके साथ भी मारपीट की गई। इसके बाद मामले ने और तूल पकड़ लिया। रणजीत ने शनिवार शाम करीब 7 बजे दनकौर कोतवाली पहुंचकर पुलिस को शिकायत दी। उन्होंने आरोपी छात्र और उसके परिवार के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
शिकायत मिलने के बाद दनकौर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस स्कूल में हुए विवाद, छात्र पर हमले और परिवार की ओर से लगाए गए मारपीट के आरोपों की पड़ताल कर रही है। पुलिस का कहना है कि शिकायत के आधार पर जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि स्कूल परिसर में विवाद किस बात को लेकर शुरू हुआ और हमला किन परिस्थितियों में हुआ।
Location : Greater Noida
Published : 13 September 2026, 3:06 PM IST