Kannauj Blast मामले में बड़ा एक्शन, चौकी प्रभारी समेत 4 पुलिसकर्मी सस्पेंड, अवैध पटाखा निर्माण के दौरान हुई थी बुजुर्ग की मौत

कन्नौज के छिबरामऊ क्षेत्र में अवैध पटाखा निर्माण के दौरान हुए विस्फोट में एक बुजुर्ग की मौत हो गई। हादसे के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चौकी प्रभारी समेत चार पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया है। जांच में सामने आया कि इसी स्थान से पहले भी पटाखे बरामद हो चुके थे...

Post Published By: Mayank Tawer
Updated : 22 September 2026, 11:54 PM IST

Kannauj News: उत्तर प्रदेश के कन्नौज जिले में अवैध पटाखा निर्माण ने एक बुजुर्ग की जान ले ली। छिबरामऊ कोतवाली क्षेत्र के बहवलपुर गांव में पटाखे बनाते समय अचानक हुए विस्फोट से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। हादसे में गंभीर रूप से झुलसे बुजुर्ग की इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया, जिसके बाद लापरवाही के आरोप में चौकी प्रभारी समेत चार पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की गई है।

टीनशेड में चल रहा था अवैध पटाखा निर्माण

पुलिस के मुताबिक, मंगलवार सुबह करीब 11 बजे बहवलपुर गांव में शिवकुमार सक्सेना के पक्के मकान के पास बने टीनशेड में अवैध रूप से फुलझड़ी और छोटे पटाखे बनाए जा रहे थे। इसी दौरान वहां काम कर रहे करीब 55 वर्षीय शिवकुमार चिक के बीड़ी पीने के दौरान अचानक आग लग गई। पटाखा बनाने में इस्तेमाल होने वाली सामग्री की वजह से आग तेजी से फैल गई और जोरदार धमाका हो गया। विस्फोट इतना तेज था कि आसपास के लोगों में दहशत फैल गई। हादसे में शिवकुमार चिक गंभीर रूप से झुलस गए। परिजन और स्थानीय लोग उन्हें इलाज के लिए राजकीय मेडिकल कॉलेज तिर्वा लेकर पहुंचे, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।

मौके से बरामद हुई पटाखा बनाने की सामग्री

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे इलाके को सुरक्षित कराया। पुलिस ने घटनास्थल से पटाखा निर्माण में इस्तेमाल होने वाली सामग्री और अन्य सामान को कब्जे में ले लिया। पुलिस ने मकान मालिक शिवकुमार सक्सेना को हिरासत में लिया है। मामले में पुलिस की ओर से विस्फोटक अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। वहीं मृतक के बेटे सूरज की तहरीर पर भी बीएनएस की संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया गया है।

पहले भी बरामद हो चुके थे पटाखे

जांच के दौरान पुलिस के सामने यह जानकारी आई कि इसी जगह से पिछले साल भी पटाखे बरामद किए गए थे। उस समय भी मुकदमा दर्ज किया गया था, लेकिन इसके बाद अवैध पटाखा निर्माण को रोकने के लिए प्रभावी जांच और सत्यापन नहीं किया गया। पुलिस ने इसे गंभीर लापरवाही मानते हुए चौकी प्रभारी रावेन्द्र सिंह, हेड कांस्टेबल सुनील कुमार, हेड कांस्टेबल संदीप कुमार और कांस्टेबल अमित कुमार को निलंबित कर दिया है।

Location :  Kannauj

Published :  22 September 2026, 11:54 PM IST