
पोस्टमॉर्टम हाउस (Img : Dynamite News)
हाथरस: सासनी कोतवाली क्षेत्र के गांव ममोता कलां में बुधवार सुबह एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से सनसनी फैल गई। शादी समारोह से घर लौटी मां ने जब दरवाजा अंदर से बंद पाया तो उसे अनहोनी की आशंका हुई। काफी आवाज लगाने के बाद भी कोई जवाब नहीं मिला। ग्रामीणों की मदद से दरवाजा तोड़ा गया तो अंदर बेटे का शव देखकर मां की चीख निकल गई।
हाथरस के सासनी कोतवाली क्षेत्र के गांव ममोता कलां में 25 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। शादी समारोह से लौटी मां ने ग्रामीणों की मदद से घर का दरवाजा खुलवाया तो अंदर बेटे का शव मिला। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है। @hathraspolice #Hathras
— डाइनामाइट न्यूज़ हिंदी (@DNHindi) November 25, 2026
ममोता कलां निवासी विष्णु पुत्र राजकुमार बेलदारी का काम करता था और अविवाहित था। उसके पिता का पहले ही निधन हो चुका है। बताया जा रहा है कि मंगलवार रात विष्णु घर पर अकेला था। उसकी मां एक शादी समारोह में शामिल होने गई थी।
मृतक के परिजन
बुधवार सुबह जब मां शादी समारोह से वापस लौटी तो घर का दरवाजा अंदर से बंद मिला। काफी देर तक आवाज लगाने के बावजूद अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं हुई। इसके बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने दरवाजा तोड़कर अंदर देखा तो विष्णु का शव फंदे पर लटका मिला। बेटे का शव देखकर मां का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले में पुलिस ने कुछ लोगों से पूछताछ भी की है। युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई और इसके पीछे क्या वजह रही, फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
Location : Hathras
Published : 25 November 2026, 4:11 PM IST
Topics : crime news hathras news UP Police