UP STF की बड़ी कार्रवाई: तीन झोलों में भरकर ले जाए जा रहे थे 100 तोते, ऐसे दबोचा तस्कर

उत्तर प्रदेश एसटीएफ और वन विभाग की संयुक्त कार्रवाई में गोरखपुर से 100 प्रतिबंधित तोतों के साथ एक अंतरराज्यीय वन्य जीव तस्कर को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी बिहार और पश्चिम बंगाल में ऊंचे दामों पर पक्षियों की तस्करी करता था। पुलिस ने उसके पास से स्कूटी और पिंजरा भी बरामद किया है।

Post Published By: Asmita Patel
Updated : 24 May 2026, 4:51 PM IST
google-preferred

Gorakhpur: उत्तर प्रदेश में वन्य जीवों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एसटीएफ को बड़ी सफलता मिली है। गोरखपुर में एसटीएफ और वन विभाग की संयुक्त टीम ने एक अंतरराज्यीय तस्कर को गिरफ्तार किया है, जिसके कब्जे से 100 प्रतिबंधित तोते बरामद किए गए हैं। आरोपी इन पक्षियों को जंगलों से पकड़कर बिहार और पश्चिम बंगाल में ऊंचे दामों पर बेचने की तैयारी में था।

एयरपोर्ट के पास STF ने दबोचा तस्कर

एसटीएफ को सूचना मिली थी कि एक तस्कर बड़ी संख्या में प्रतिबंधित पक्षियों की तस्करी करने वाला है। सूचना के आधार पर टीम ने गोरखपुर में सक्रिय निगरानी शुरू की। इसी दौरान 23 मई 2026 की रात करीब 9:30 बजे थाना गुलरिहा क्षेत्र के नंदानगर बस स्टैंड एयरपोर्ट के पास संदिग्ध युवक को पकड़ा गया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान अमीर पुत्र अब्दुल कादिर निवासी तिवारीपुर थाना तिवारीपुर जनपद गोरखपुर के रूप में हुई। तलाशी के दौरान उसके पास मौजूद तीन झोलों में 100 तोते भरे हुए मिले। इसके अलावा एक पिंजरा और टीवीएस जुपिटर स्कूटी भी बरामद की गई।

सुलह से इनकार पर घर में घुसकर खूनी संघर्ष: गोरखपुर में पट्टीदारों ने पूरे परिवार को लहूलुहान किया, 6 नामजद

कई पीढ़ियों से कर रहा था पक्षियों का कारोबार

पूछताछ में आरोपी ने चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। उसने बताया कि उसका परिवार कई पीढ़ियों से पक्षियों के व्यापार से जुड़ा हुआ है। पहले सामान्य पक्षियों का कारोबार किया जाता था, लेकिन बाद में ज्यादा मुनाफे के लालच में प्रतिबंधित पक्षियों की तस्करी शुरू कर दी गई। आरोपी ने बताया कि गोरखपुर, लखीमपुर खीरी और पीलीभीत के जंगलों से तोते और अन्य प्रतिबंधित पक्षियों को पकड़ा जाता था। इसके बाद उन्हें उत्तर प्रदेश, बिहार और पश्चिम बंगाल में ऊंचे दामों पर बेचा जाता था।

STF और वन विभाग ने मिलकर की कार्रवाई

इस पूरी कार्रवाई को एसटीएफ लखनऊ के अपर पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार सिंह के पर्यवेक्षण में अंजाम दिया गया। सूचना मिलने के बाद एसटीएफ की टीम ने वन विभाग की टीम के साथ मिलकर संयुक्त ऑपरेशन चलाया। कार्रवाई में एसटीएफ के उपनिरीक्षक हरीश सिंह चौहान समेत कई पुलिसकर्मी शामिल रहे। टीम ने मौके से आरोपी को गिरफ्तार कर वन विभाग को सौंप दिया।

गोरखपुर ज्वेलरी शो 2026 में मीडिया एंट्री को लेकर विवाद, बाद में मिली अनुमति; देशभर के कारोबारियों ने दिखाई भागीदारी

वन्य जीव संरक्षण अधिनियम के तहत केस दर्ज

गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ वन विभाग की ओर से वन्य जीव संरक्षण अधिनियम 1972 की विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। वन विभाग के अधिकारियों का कहना है कि आरोपी से जुड़े अन्य लोगों की तलाश भी की जा रही है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि इस गिरोह में और कौन-कौन शामिल हैं तथा तस्करी का नेटवर्क कितना बड़ा है।

Location :  Gorakhpur

Published :  24 May 2026, 4:41 PM IST

Advertisement