यूपी चुनाव 2027 से पहले BJP का बड़ा दांव! लखनऊ में जुटेंगे शाह-नितिन नवीन, बनेगी चुनावी रणनीति

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर भाजपा ने तैयारियां तेज कर दी हैं। दो और तीन अक्टूबर को लखनऊ में प्रस्तावित कार्यसमिति बैठक में अमित शाह और नितिन नवीन समेत बड़े नेता शामिल होंगे। विपक्ष के नैरेटिव, युवा-महिला वोटरों, संगठन और NDA समन्वय को लेकर चुनावी रणनीति पर मंथन होगा।

Post Published By: Poonam Rajput
Updated : 15 September 2026, 7:44 AM IST

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने अपनी चुनावी रणनीति को जमीन पर उतारने की कवायद तेज कर दी है। अक्टूबर में लखनऊ में होने वाली प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में पार्टी के बड़े नेता जुटेंगे। बैठक में चुनावी रणनीति से लेकर विपक्ष के नैरेटिव का जवाब देने तक कई अहम मुद्दों पर मंथन होगा।

शाह और नितिन नवीन की मौजूदगी में बनेगा प्लान

भाजपा की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक दो और तीन अक्टूबर को लखनऊ में प्रस्तावित है। इसमें केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष समेत पार्टी के कई बड़े पदाधिकारी शामिल होंगे।

इसके अलावा केंद्र और राज्य सरकार के मंत्री, जिलाध्यक्ष और जिला प्रभारी भी बैठक में हिस्सा लेंगे। इससे पहले प्रदेश कार्यसमिति की बैठक 14 जुलाई 2024 को लखनऊ में हुई थी।

विपक्ष के नैरेटिव को जवाब देने की तैयारी

भाजपा नेतृत्व ने मिशन-2027 के लिए संगठन को अभी से सक्रिय करना शुरू कर दिया है। राष्ट्रीय महामंत्री संगठन बीएल संतोष और प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े ने टीम यूपी के सामने चुनावी तैयारियों का खाका रखा है।

पार्टी की रणनीति में विपक्ष की ओर से बनाए जा रहे जातीय और राजनीतिक नैरेटिव का जवाब देना प्रमुख मुद्दों में शामिल है। इसके साथ ही प्रभावी स्लोगन और नारों के जरिए सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने की तैयारी है।

Gen Z और महिला वोटरों पर भी फोकस

कार्यसमिति की बैठक में युवाओं, खासकर Gen Z और महिला वोटरों को जोड़ने की रणनीति पर भी चर्चा होने की संभावना है। भाजपा संगठन रात्रि प्रवास और चौपाल जैसे कार्यक्रमों के जरिए कार्यकर्ताओं को सीधे जनता के बीच जाने का संदेश दे रहा है।

सरकार की सुशासन और कानून-व्यवस्था से जुड़ी उपलब्धियों को भी चुनावी मुद्दे के तौर पर घर-घर तक पहुंचाने की रणनीति तैयार की जाएगी।

सावधान! महज 8 घंटे के भीतर इन 20 राज्यों में मंडरा रहा तूफान का खतरा; भारी तबाही और मूसलाधार बारिश की चेतावनी

संगठन और NDA सहयोगियों पर भी मंथन

चुनावी तैयारियों के साथ भाजपा अपनी संगठनात्मक चुनौतियों पर भी चर्चा करेगी। एनडीए के सहयोगी दलों के साथ बेहतर समन्वय और उनके साथ तालमेल को लेकर भी रणनीति पर मंथन होगा।

इससे पहले 11 सितंबर को लखनऊ में हुई भाजपा कोर ग्रुप की बैठक में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और दोनों डिप्टी सीएम की मौजूदगी में कार्यसमिति बैठक की रूपरेखा तैयार की गई थी। इसी दौरान 17 सितंबर से शुरू होने वाले सेवा संकल्प अभियान का ब्लूप्रिंट भी तैयार किया गया।

मेरठ से शुरू होगा नितिन नवीन का दौरा

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन उत्तर प्रदेश के सभी छह संगठनात्मक क्षेत्रों का दौरा करेंगे। उनके दौरे की शुरुआत मेरठ से होने की बात सामने आई है। इसका उद्देश्य चुनाव से पहले पार्टी कार्यकर्ताओं में सक्रियता और नया जोश पैदा करना है।

ऐसे में अक्टूबर में लखनऊ में होने वाली कार्यसमिति की बैठक को भाजपा के मिशन-2027 की रणनीति के लिहाज से अहम माना जा रहा है। बैठक के बाद पार्टी की चुनावी तैयारियों को और तेज करने की दिशा में कदम उठाए जा सकते हैं।

Location :  Lucknow

Published :  15 September 2026, 7:44 AM IST