Maharajganj: दरवाजे पर सो रही महिला की सिर कूचकर हत्या, रात के विवाद के बाद वारदात से गांव में सनसनी

श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र के कुडवा उर्फ मुड़कटिया टोला लगड़ी में घर के बाहर सो रही महिला की अज्ञात हमलावरों ने सिर पर भारी वस्तु से प्रहार कर हत्या कर दी। रात में हुए विवाद के बाद पति ने गांव के दो युवकों पर हत्या का आरोप लगाया है।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 24 July 2026, 2:16 PM IST

Maharajganj: जनपद के श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत कुडवा उर्फ मुड़कटिया टोला लगड़ी में शुक्रवार की सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब घर के बाहर बरामदे में सो रही एक महिला का रक्तरंजित शव खाट पर मिला। महिला के सिर और आंख के ऊपर गहरे घाव के निशान थे, जबकि बिस्तर और तकिया खून से लथपथ मिले। घटना ने पूरे गांव को दहला दिया है। सूचना मिलते ही पुलिस, फोरेंसिक टीम और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए।

मृतका की पहचान रुकमीना पत्नी शिवनारायण के रूप में हुई है। पति ने गांव के ही दो युवकों पर हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी है।

पति-पत्नी के बीच हुआ था विवाद

जानकारी के अनुसार, गुरुवार रात करीब नौ बजे पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो रहा था। इसी दौरान वहां से गुजर रहे गांव के दो युवकों ने महिला द्वारा कहे गए अपशब्दों को अपने ऊपर समझ लिया, जिसके बाद दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई। मामला बढ़ने पर डायल-112 पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को समझाकर शांत कराया। पुलिस ने शुक्रवार सुबह थाने पर आने की बात कहकर सभी को वापस भेज दिया।

ये भी पढ़ें- स्कूल से हंसते हुए निकला था… किसी ने नहीं सोचा था कि कुछ देर बाद घर में मातम छा जाएगा, आखिर ऐसा क्या हुआ?

पति शिवनारायण का आरोप है कि कुछ देर बाद वही दोनों युवक दोबारा उनके घर पहुंचे और गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी देने लगे। ग्रामीणों के हस्तक्षेप के बाद दोनों वहां से चले गए। इसके बाद रुकमीना घर के बाहर दरवाजे पर खाट पर सो गईं, जबकि पति और बच्चे घर के अंदर सोने चले गए।

महिला के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल (Img: Dynamite News)

सुबह खून से लथपथ मिला शव

शुक्रवार सुबह करीब पांच बजे जब शिवनारायण की नींद खुली तो उन्होंने बाहर पत्नी को खून से लथपथ अवस्था में मृत पाया। मृतका के बाईं आंख के ऊपर और सिर पर गंभीर चोट के निशान मिले हैं। बाएं हाथ की एक उंगली भी टूटी हुई थी, जिससे आशंका जताई जा रही है कि महिला ने हमलावरों से बचने का प्रयास किया होगा।

घटना की सूचना मिलते ही गांव में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए। थाना प्रभारी निरीक्षक अक्षय कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। इसके बाद अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ और क्षेत्राधिकारी अंकुर कुमार गौतम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। फोरेंसिक टीम ने मौके से खून के नमूने सहित अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए।

ये भी पढ़ें- मॉर्निंग वॉक पर भी खतरा! सुबह सैर पर निकले व्यापारी की हत्या, सड़क किनारे मिला लहूलुहान शव

पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतका के पति की तहरीर के आधार पर पुलिस नामजद आरोपों समेत सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच कर रही है। अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ ने बताया कि प्रथम दृष्टया महिला की मौत सिर पर गंभीर चोट लगने से प्रतीत हो रही है। हालांकि मृत्यु का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच के बाद ही स्पष्ट होगा। उन्होंने कहा कि पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है और साक्ष्यों के आधार पर दोषियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Location :  Maharajganj

Published :  24 July 2026, 2:16 PM IST