मुजफ्फरनगर में एक ओवरटेक और फिर मच गया कोहराम, हादसे में पांच की गई जान

मुजफ्फरनगर के बुढ़ाना क्षेत्र में बुधवार शाम भीषण सड़क हादसे में एक बच्ची समेत पांच लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। भैसाना गांव के पास दो बाइक सवारों की रोडवेज बस से आमने-सामने टक्कर हुई। तीन लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि दो घायलों की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई।

Post Published By: Nitin Parashar
Updated : 9 September 2026, 8:35 PM IST
google-preferred

मुजफ्फरनगर : जिले में बुधवार शाम बुढ़ाना कोतवाली क्षेत्र के भैसाना गांव के पास भीषण सड़क हादसा हो गया। बुढ़ाना की ओर जा रहे दो बाइक सवारों को सामने से आ रही रोडवेज बस ने टक्कर मार दी। हादसे में एक बच्ची समेत तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो गंभीर घायलों ने अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। हादसे में कुल पांच लोगों की जान चली गई।

ओवरटेक के दौरान हुआ हादसा

पुलिस के मुताबिक, रोडवेज बस बुढ़ाना से मुजफ्फरनगर की ओर आ रही थी, जबकि दो बाइक सवार मुजफ्फरनगर से बुढ़ाना की तरफ जा रहे थे। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि ओवरटेक करने के दौरान दोनों वाहनों की आमने-सामने टक्कर हुई।

टक्कर इतनी भीषण थी कि मौके पर ही तीन लोगों की मौत हो गई। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोग मौके पर जमा हो गए।

बच्ची समेत पांच लोगों की गई जान

हादसे में मोमिन, फरमान और करीब तीन वर्षीय बच्ची भल्लो की मौके पर मौत हुई। वहीं गंभीर रूप से घायल इदरीश और शाजिद को पुलिस ने उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान दोनों ने दम तोड़ दिया। इस तरह हादसे में बच्ची समेत कुल पांच लोगों की मौत हो गई।

पुलिस ने बस कब्जे में ली

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। हादसे के बाद पुलिस ने रोडवेज बस को कब्जे में ले लिया है।

पुलिस का कहना है कि मामले में अभियोग दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। दुर्घटना के वास्तविक कारणों की जांच भी की जा रही है।

प्रत्यक्षदर्शी ने बताई हादसे की भयावहता

प्रत्यक्षदर्शी जरीना ने हादसे की भयावहता बताते हुए कहा कि जब वह बाहर आईं तो सड़क पर पांच लोग पड़े हुए थे। उनके मुताबिक, इनमें चार पुरुष और एक बच्ची थी और सभी की मौत हो चुकी थी।

पिता की गोद में ही थम गई तीन साल की मासूम की सांसे, मुजफ्फरनगर में रोडवेज बसों की रेस ने उजाड़ दिए दो हंसते-खेलते परिवार

एसएसपी ने मौके पर पहुंचकर लिया जायजा

मुजफ्फरनगर के एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने बताया कि करीब शाम चार बजे बड़ौत डिपो की रोडवेज बस बुढ़ाना की तरफ से शहर की ओर जा रही थी। इसी दौरान दो मोटरसाइकिल सवारों से ओवरटेक करने के दौरान टक्कर हो गई।

एसएसपी के अनुसार, हादसे में मौके पर तीन लोगों की मौत हुई, जबकि दो लोगों ने अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण कर लिया है और आवश्यक चिकित्सा एवं राहत व्यवस्था कराई गई।

परिवारों को आर्थिक सहायता का भरोसा

एसएसपी ने बताया कि हादसे के बाद बस को कब्जे में लेकर मुकदमा दर्ज किया गया है। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है और जो भी वैधानिक कार्रवाई आवश्यक होगी, उसे सुनिश्चित किया जाएगा।

मौके पर एसडीएम समेत पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। मृतकों के परिजनों को नियमानुसार आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की प्रक्रिया भी सुनिश्चित की जाएगी। अधिकारियों ने पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की है।

Location :  Muzaffarnagar

Published :  9 September 2026, 8:35 PM IST

Related News

Advertisement