क्यूआर कोड स्कैनिंग को भूल जाइए! बिना इंटरनेट के सिर्फ एक ‘टैप’ में होगा ऑनलाइन पेमेंट, जानिए कैसे?

अब बिना इंटरनेट के भी होगा UPI पेमेंट! NPCI जल्द ला रहा है NFC आधारित नई तकनीक, जिससे फ्लाइट, अंडरग्राउंड मेट्रो और खराब नेटवर्क वाले इलाकों में भी आसानी से टैप करके 2000 रुपये तक का पेमेंट किया जा सकेगा। जानिए कैसे काम करेगा यह सिस्टम।

Post Published By: Tanya Chand
Updated : 22 July 2026, 2:38 PM IST

New Delhi: डिजिटल इंडिया के दौर में अक्सर खराब इंटरनेट या 'नो नेटवर्क' ज़ोन में UPI पेमेंट अटक जाना एक बड़ी मुसीबत बन जाता है। लेकिन जल्द ही यह समस्या हमेशा के लिए खत्म होने वाली है।

नेशनल पेमेंट्स कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया (NPCI) एक ऐसी क्रांतिकारी तकनीक पर काम कर रहा है, जिसके तहत आपके स्मार्टफोन में इंटरनेट न होने पर भी UPI से भुगतान हो सकेगा। चाहे आप आसमान में उड़ती फ्लाइट में हों या जमीन के नीचे दौड़ती मेट्रो में, बिना इंटरनेट का यह डिजिटल वॉलेट आपके काम को कभी रुकने नहीं देगा।

NFC तकनीक से बदलेगा तरीका

अभी तक UPI पेमेंट के लिए स्कैनिंग और इंटरनेट कनेक्टिविटी सबसे जरूरी शर्त होती है, लेकिन यह नया सिस्टम नियर फील्ड कम्युनिकेशन (NFC) तकनीक पर आधारित होगा। इसमें आपको QR Code स्कैन करने की भी जरूरत नहीं पड़ेगी।

फिर शुरू हुआ EPFO पोर्टल, जानिए कब मिलेगी UPI-ATM से PF निकालने की सुविधा

बस आपको अपने NFC सपोर्टेड स्मार्टफोन को दुकानदार की मर्चेंट मशीन (POS Terminal) पर हल्का सा टैप (छूना) करना होगा और पेमेंट तुरंत पूरा हो जाएगा। सबसे राहत की बात यह है कि इस दौरान न तो ग्राहक के फोन में डेटा की जरूरत होगी और न ही दुकानदार की मशीन को इंटरनेट से जुड़े रहने की मजबूरी होगी।

बिना पिन के 2,000 रुपये तक का तुरंत भुगतान

इस नई ऑफलाइन सेवा का लाभ उठाने के लिए यूजर्स को पहले इंटरनेट कनेक्शन रहने के दौरान अपने 'UPI Lite' वॉलेट में पैसा लोड करना होगा। इसके बाद ऑफलाइन होने पर उसी वॉलेट बैलेंस से पेमेंट कटेगा।

शुरुआत में इस सुविधा के तहत एक बार में अधिकतम 2,000 रुपये तक का भुगतान किया जा सकेगा। इतना ही नहीं, हर बार UPI PIN डालने का झंझट भी खत्म हो जाएगा, जिससे पेमेंट स्पीड पहले से कई गुना तेज हो जाएगी।

COPD मरीजों के लिए नई उम्मीद: Dupilumab इंजेक्शन से गंभीर अटैक का खतरा हो सकता है कम

कहां मिलेगा सबसे ज्यादा फायदा?

इस तकनीक का सबसे बड़ा और सीधा फायदा उन जगहों पर मिलेगा, जहां नेटवर्क कनेक्टिविटी मिलना लगभग असंभव होता है।

1. हवाई सफर के दौरान (In-flight): फ्लाइट मोड में रहने के बावजूद यात्री इन-फ्लाइट मील या सेवाओं का भुगतान कर सकेंगे।
2. अंडरग्राउंड मेट्रो और टनल: बेसमेंट और अंडरग्राउंड स्टेशनों पर नेटवर्क गायब होने पर भी टिकट या शॉपिंग का पेमेंट रुकेगा नहीं।
3. दूरदराज और पहाड़ी इलाके: जहां मोबाइल टावर के सिग्नल बेहद कमजोर होते हैं, वहां यह फीचर वरदान साबित होगा।

कब तक होगी शुरुआत?

फिलहाल NPCI इस तकनीक को परीक्षण और विकास के स्तर पर परख रहा है। जल्द ही POS मशीनों के लिए सर्टिफिकेशन प्रक्रिया शुरू होगी, जिसके बाद गूगल पे, फोनपे और पेटीएम जैसे ऐप्स इस फीचर को अपने प्लेटफॉर्म में जोड़ेंगे।

Location :  New Delhi

Published :  22 July 2026, 2:38 PM IST