
नई दिल्ली: दिल्ली में केजरीवाल की सत्ता जाते ही यमुना नदी को साफ करने का बीड़ा दिल्ली के एलजी वीके सक्सेना ने उठा लिया है। नदी को साफ करने के लिए बड़ी बड़ी मशीनें लगा दी गई हैं। अब सवाल ये उठाए जा रहे हैं कि अगर एलजी को ही यमुना साफ करवानी थी तो अब तक क्यों नहीं करवाई? क्या एलजी वीके सक्सेना भाजपा के सत्ता में आने का इंतज़ार कर रहे थे? इन सवालों के जवाब समझने से पहले जानिए कि कैसे यमुना की सफाई का काम तेज़ी से चल रहा है।
कैसे हो रही है यमुना की सफाई?
दिल्ली के उपराज्यपाल कार्यालय की तरफ से इन वीडियोज को शेयर किया गया जिसमें आप देख सकते हैं कि कैसे यमुना की सफाई के लिए मशीनों को लगा दिया गया है।
डाइनामाइट न्यूज़ के संवाददाता के अनुसार, वीडियो शेयर करते हुए कार्यालय की ओर से कहा गया, "यमुना नदी की सफाई पर काम पहले ही शुरू हो चुका है, जिसमें ट्रैश स्किमर, वीड हार्वेस्टर और एक ड्रेज यूटिलिटी क्राफ्ट के साथ नदी में सफाई अभियान शुरू हो गया है। नदी को साफ करने के लिए एलजी ने तीन साल की चार-स्तरीय रणनीति बनाई है। जिसमें नदी को साफ करने के लिए अलग-अलग चरण में काम किया जाएगा।
LG ने 2023 में शुरू की थी यमुना की सफाई
अब सबसे बड़ा जो सवाल है वो ये है कि एलजी ने अब तक ये कदम क्यों नहीं उठाया और नई सरकार के गठन का इंतजार क्यों नहीं किया? तो इसका जवाब ये है कि LG ने पहले भी यमुना की सफाई को लेकर काम करने की कोशिश की थी। 2023 में NGT के आदेश पर यमुना की सफाई के लिए 5 सदस्यीय कमेटी बनाई गई थी। NGT ने LG को इस कमेटी का अध्यक्ष बनाया था। यमुना की सफाई के लिए तब भी बड़ी-बड़ी मशीनें में पानी में उतर गईं थीं। लेकिन जैसे-जैसे यमुना की सफाई होने लगी, वैसे ही केजरीवाल सरकार ने सुप्रीम कोर्ट से NGT के आदेश में संशोधन करवा लिया और यमुना की सफाई का काम रुक गया। अब इसमें ये कहना तो गलत नहीं होगा कि आप सरकार यमुना की सफाई का क्रेडिट LG को नहीं देना चाहती थी।
अब जैसे ही आप की सरकार गई LG का यमुना को साफ करने का रास्ता साफ हो गया। साथ ही चुनाव के बाद बीजेपी ने जीत तो हासिल कर ली लेकिन अभी सरकार का गठन नहीं किया, इसलिए फिलहाल राजधानी में LG का शासन है, ऐसे में LG कोई भी फैसला लेने को लेकर स्वतंत्र है, इसलिए उन्होंने सबसे पहले यमुना को साफ करने का काम उचित समझा।
किसको मिलेगा यमुना की सफाई का क्रेडिट?
अब बात रही कि अब यमुना की सफाई का क्रेडिट किसे मिलेगा? तो एलजी केंद्र सरकार का ही प्रतिनिधि होता है। ऐसे में अगर चुनाव से पहले भाजपा ने यमुना की सफाई का वादा किया है और इसे दिल्ली का LG पूरा करता है तो बात एक ही है।
ये बातें तो राजनीति की हैं लेकिन उससे आम आदमी को क्या करना है, हम तो बस ये चाहते हैं कि चाहे कोई भी साफ करे बस यमुना साफ हो जाए। अब ये देखना दिलचस्प होगा कि LG के इस कदम के बाद यमुना कब तक और कितनी साफ होती है। डाइनामाइट न्यूज़ भी आप सभी से ये अपील करता है कि आप अपने आस पास कि नदियों तालाबों आदि में गंदगी न फैलाएं, जिससे प्रदूषण कम हो और जिससे पर्यावरण सुरक्षित रहे।
Published : 18 February 2025, 8:19 PM IST
Topics : Aam Aadmi Party government bjp delhi yamuna river cleaning Formation of new government in Delhi LG start cleaning Yamuna Lieutenant Governor of Delhi NGT Supreme Court VK Saxena Yamuna