Weather Update: उत्तर भारत में ठंड और कोहरे का प्रकोप जारी, बारिश ने बढ़ाई मुश्किलें

उत्तर भारत के अधिकांश हिस्सों में कड़ाके की ठंड और घने कोहरे का प्रकोप जारी है। वहीं बारिश ने लोगों की ओर मुश्किलें बढ़ा दी है। पढ़िये डाइनामाइट न्यूज की पूरी रिपोर्ट

Updated : 6 January 2025, 9:49 AM IST
google-preferred

नई दिल्ली: उत्तर भारत के अधिकांश हिस्सों में कड़ाके की ठंड और घने कोहरे का प्रकोप जारी है। पंजाब, हरियाणा, राजस्थान और उत्तर प्रदेश में दृश्यता बेहद कम हो गई है। कई स्थानों पर दृश्यता का स्तर 50 मीटर से भी कम दर्ज किया गया, जिससे सड़क और रेल यातायात प्रभावित हो रहा है। दुर्घटनाओं की आशंका के चलते प्रशासन ने जनता को सतर्क रहने की सलाह दी है।

बिहार-झारखंड में शीतलहर का प्रकोप

डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के मुताबिक, बिहार और झारखंड में शीतलहर का कहर देखने को मिल रहा है। बिहार में अगले दो दिनों तक कोल्ड डे की स्थिति बने रहने की संभावना है। ठंड के चलते लोगों को अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलने की चेतावनी दी गई है।

उत्तराखंड में बर्फबारी

उत्तराखंड के औली, मसूरी, नैनीताल, बद्रीनाथ और केदारनाथ जैसे ऊंचाई वाले क्षेत्रों में भारी बर्फबारी हो रही है। पर्यटकों की भारी भीड़ के कारण यातायात व्यवस्था प्रभावित हो रही है। कई मार्ग बंद हो गए हैं, जिससे स्थानीय प्रशासन को चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है। बर्फबारी ने जनजीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया है।

दिल्ली-एनसीआर में बारिश का अलर्ट

दिल्ली और एनसीआर में हल्की से मध्यम बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। दिल्ली के नरेला, बवाना, अलीपुर, सिविल लाइन्स, और द्वारका जैसे क्षेत्रों में बारिश के साथ गरज-चमक की संभावना है। गुरुग्राम, बहादुरगढ़ और सोनीपत समेत एनसीआर के अन्य क्षेत्रों में भी बारिश हो सकती है।

ठंड बढ़ने की संभावना

बारिश और पश्चिमी विक्षोभ के कारण अगले 24-48 घंटों में ठंड बढ़ने की संभावना है। पंजाब, हरियाणा, राजस्थान और उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में तापमान गिरने की संभावना है। मौसम विभाग ने लोगों को पर्याप्त गर्म कपड़े पहनने और सतर्क रहने की सलाह दी है।

हरियाणा-पंजाब में यलो अलर्ट

हरियाणा के सिरसा, हिसार, फतेहाबाद, अंबाला, और करनाल में कोल्ड डे का यलो अलर्ट जारी किया गया है। पंजाब के बठिंडा, मोगा, मुक्तसर और चंडीगढ़ में घने कोहरे और शीतलहर की चेतावनी दी गई है।

सावधानी बरतने की सलाह 

ठंड, कोहरा, बारिश और बर्फबारी के चलते प्रशासन ने लोगों को सतर्क रहने, सुरक्षित यात्रा करने और ठंड से बचाव के उपाय अपनाने की सलाह दी है।

सुनिये भोजपुरी के ट्रेंडिंग स्टार खेसारी लाल क्या कह रहे हैं: 
 

 

Published : 
  • 6 January 2025, 9:49 AM IST