हिंदी
लखनऊ: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को कहा कि इस साल प्रदेश में वृहद पौधरोपण अभियान के तहत 35 करोड़ पौधे लगाने का लक्ष्य रखा गया है।
मुख्यमंत्री ने यहां अपने सरकारी आवास पर प्रदेश के सांसदों, विधायकों, सभी नगर निगमों के महापौर तथा अन्य नगरीय निकायों के प्रमुख तथा सदस्यों के साथ वेबिनार के माध्यम से वृहद पौधरोपण की तैयारियों की जानकारी ली और सभी को सहभागिता के लिए प्रोत्साहित किया।
आदित्यनाथ ने कहा कि इस वर्ष वृहद पौधरोपण अभियान में 35 करोड़ पौधे लगाए जाने का लक्ष्य रखा गया है और इसके तहत 22 जुलाई को 30 करोड़ पौधे लगाए जाएंगे जबकि 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस पर पांच करोड़ पौधरोपण का लक्ष्य है।
उन्होंने कहा कि इस महाभियान की सफलता के लिए जन सहयोग आवश्यक है। उन्होंने कहा कि सभी जनप्रतिनिधियों की जिम्मेदारी है कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में आमजन को इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम से जुड़ने के लिए प्रोत्साहित करें और पौधरोपण को जन आन्दोलन बनाएं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हर ग्राम पंचायत और शहरी वॉर्ड एक-एक हजार पौधे लगाने का लक्ष्य रखें तथा नगर पंचायत में पांच हजार, नगर पालिका परिषद में 10 हजार, नगर निगम में पांच से 10 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य होना चाहिए।
आदित्यनाथ ने लगाए गए पौधों के संरक्षण को भी उतना ही जरूरी बताते हुए कहा कि पौधारोपण के साथ ट्री-गार्ड भी लगाए जाएं और यह सुनिश्चित किया जाए कि किस पौधे की देखभाल कौन ऑैर कैसे करेगा।
Published : 13 July 2023, 9:46 AM IST
Topics : उत्तर प्रदेश पौधरोपण मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ लक्ष्य लखनऊ
No related posts found.