UP: बदायूँ में बवाल, उग्र भीड़ ने पुलिस पर की पत्थरबाजी, 300 के खिलाफ मामला दर्ज, अब तक 6 गिरफ्तार, जानिये पूरा मामला

उत्तर प्रदेश के बदायूं जनपद में एक वाहन की जांच के बाद भारी बवाल मच गया। गुस्साये लोगों ने पुलिस टीम पर पथराव किया। मामले में छह लोग गिरफ्तार किये गये। पढ़िये डाइनामाइट न्यूज़ की पूरी रिपोर्ट

Updated : 10 December 2022, 1:48 PM IST
google-preferred

बदायूँ: उत्तर प्रदेश के बदायूँ के अलापुर थाना क्षेत्र में शुक्रवार की शाम जबरदस्त बवाल देखने को मिला। चैकिंग के दौरान पुलिस द्वारा कथित तौर पर एक युवक की पिटाई से लोग आक्रोशित हो गये। गुस्साये लोगों ने पुलिस टीम पर जमकर पत्थरबाजी की, जिसमें कुछ लोगों के घायल होने की खबर है। उग्र लोगों ने सीओ की गाड़ी में तोड़पोड़ की। भीड़ को खदेड़ने के लिए पुलिस द्वारा उग्र लोगों पर लाठीचार्ज करना पड़ा। 

पुलिस ने इस मामले में अब तक छह लोगों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि पुलिस द्वारा अन्य आरोपियों की धरपकड़ की जा रही है। आरोपियों के खिलाफ पुलिस ने संगीन धाराओं में मामला दर्ज किया है। इस घटना के संबंध में 28 नामजद और 300 अज्ञात लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज हुआ है।

जानकारी के अनुसार शुक्रवार शाम को करीब सात बजे अलापुर थाना क्षेत्र के ककराला कस्बे में पुलिस टीम वाहनों की जांच पड़ताल कर रही थी। दातागंज, अलापुर के पुलिस क्षेत्राधिकारी और थाना अध्यक्ष संजीव शुक्ला अपनी टीम के साथ मौके पर मौजूद थे।

बताया जाता है कि वाहनों की जांच पड़ताल के दौरान पुलिस दल ने ककराला कस्बे के रहने वाले एक व्यक्ति की मोटरसाइकिल रोकी और उससे वाहन के कागजात मांगे। इससे वह नाराज हो गया और कस्बे के अन्य लोगों को बुला लाया तथा उन्होंने जांच पड़ताल के विरोध में रास्ता अवरुद्ध कर दिया। जिसके बाद वहां बवाल मच गया। 

हालांकि, कुछ स्थानीय लोगों ने पुलिस टीम पर कथित तौर पर युवक की पिटाई का आरोप लगाया है, जिसके बाद गुस्साये लोगों ने जमकर बवाल काटा और पुलिस टीम पर पथराव किया। पथराव कर रहे लोगों को रोकने के लिये पुलिस टीम को बेकाबू भीड़ को खदेड़ने के लिए लाठी चार्ज करना पड़ा। 

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ओपी सिंह ने शनिवार को कहा कि  कस्बे में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस और PAC गस्त कर रही है, अराजकता फैलाने वाले लोगों को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस टीम पर हमला करने के आरोपियों की पहचान के लिये सीसीटीवी फुटेज देखे जा रहे हैं। जल्द घटना में शामिल अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा और मामले में कठोर कार्रवाई की जायेगी।

अब तक इस मामले में पुलिस द्वारा गिरफ्तार किये गये आरोपियों में युनुस, रईस, रेहान, गुडडू और शानू समेत छह लोग शामिल है। अन्य आरोपियों की धरपकड़ जारी है।

Published : 
  • 10 December 2022, 1:48 PM IST

Related News

No related posts found.