UP News: लखनऊ में कर्नल की पत्नी से दुष्कर्म मामले में पुलिस का एक्शन, आरोपी गिरफ्तार

मामले की गंभीरता को देखते हुए गोमतीनगर इंस्पेक्टर राजेश त्रिपाठी ने आरोपी को धर दबोचा। आरोपी की पहचान निरालानगर निवासी तनिष्क अरोड़ा के रूप में हुई है।

Updated : 10 December 2024, 1:41 PM IST
google-preferred

लखनऊः कर्नल की पत्नी से दुष्कर्म के प्रयास मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपित शख्स की पहचान निरालानगर निवासी तनिष्क अरोड़ा के रूप में हुई है। पीड़िता ने आरोप लगाया कि अरोड़ा ने उनको कार में बंधक बनाकर जबरन दुष्कर्म करने का प्रयास किया। इसके अलावा विरोध करने पर चाकू से कई वार भी किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई।

पीड़िता ने बताया कि वह रविवार को किसी जरूरी काम से गोमतीनगर गई थीं। इस दौरान शाम को घर लौटते समय फन मॉल के पास आरोपित तनिष्क अरोड़ा अपने दोस्तों के साथ पहुंचा और अपनी कार को उनकी गाड़ी के सामने खड़ी कर दी। 

पीड़िता के अनुसार, आरोपी कार में घुसा तो वह विरोध करने लगीं। इस पर नाराज होकर उसने पहले थप्पड़ मारे और फिर दुष्कर्म की कोशिश करने लगा। इसके बाद आरोपी ने धारदार हथियार से मारने का प्रयास भी किया। उन्होंने किसी तरह इस घटना की सूचना पुलिस को दी। मौके पर महानगर व गोमतीनगर थाने की पुलिस को आता देख अरोड़ा भाग निकला।

कई सालों से कर रहा है परेशान

जानकारी के अनुसार, पीड़िता के शरीर के कई हिस्सों में चोट आई हैं। वहीं मामले की गंभीरता को देखते हुए गोमतीनगर इंस्पेक्टर राजेश त्रिपाठी ने अपनी टीम के साथ मिलकर आरोपी को धर दबोचा। आरोपित की पहचान निरालानगर निवासी तनिष्क अरोड़ा के रूप में हुई है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि पीड़िता का मेडिकल करवाया गया है। वहीं, आरोपित को गिरफ्तार कर मामले की जांच की जा रही है। पीड़िता ने यह भी दावा किया कि उनके पति की तैनाती गैर प्रांत में होने की वजह से वह फ्लैट में अकेले रहती हैं। पिछले कई सालों से आरोपी शख्स उनको परेशान कर रहा है। 

Published : 
  • 10 December 2024, 1:41 PM IST