यूपी के डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने लोकसभा चुनाव को लेकर किये बड़ा दावा, राहुल गांधी और विपक्ष के बारे में कही ये बातें

डीएन ब्यूरो

उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने अगले वर्ष होने वाले लोकसभा चुनावों में कांग्रेस एवं विपक्ष का राज्य से सफाया हो जाने का दावा करते हुए कहा है कि कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी को राज्य में कोई गंभीरता से नहीं लेता

ब्रजेश पाठक, डिप्टी सीएम, यूपी
ब्रजेश पाठक, डिप्टी सीएम, यूपी


लखनऊ: उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने अगले वर्ष होने वाले लोकसभा चुनावों में कांग्रेस एवं विपक्ष का राज्य से सफाया हो जाने का दावा करते हुए कहा है कि कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी को राज्य में कोई गंभीरता से नहीं लेता।

डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के मुताबिक प्रदेश के स्‍वास्‍थ्‍य एवं चिकित्‍सा मंत्री पाठक ने एक साक्षात्कार में दावा किया कि लोग भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के साथ हैं और उन्हें प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर बहुत भरोसा है जो निस्संदेह तीसरी बार फिर पूर्ण बहुमत की सरकार बनाएंगे।

भाजपा नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) ने 2019 के लोकसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश की 80 सीट में से कुल 64 सीट जीती थीं, जिनमें दो पर सहयोगी अपना दल (एस) के उम्मीदवार विजयी हुए थे। इस दौरान समाजवादी पार्टी (सपा) और बहुजन समाज पार्टी (बसपा) ने मिलकर चुनाव लड़ा था। इस चुनाव में बसपा को 10 और सपा को पांच सीट पर जीत मिली थी, जबकि रायबरेली में कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी चुनाव जीती थीं। बाद में हुए उप चुनावों में भाजपा ने आजमगढ़ और रामपुर संसदीय सीट भी जीत लीं।

उत्तर प्रदेश में भाजपा का प्रमुख ब्राह्मण चेहरा माने जाने वाले पाठक ने कहा, ‘‘उत्तर प्रदेश में राहुल और प्रियंका (गांधी वाद्रा) लोकसभा चुनाव में कोई करिश्मा नहीं कर सकेंगे। यहां राहुल गांधी को लोग गंभीरता से नहीं लेते। राज्य में कांग्रेस और विपक्ष का खाता तक नहीं खुलेगा।’’

उन्होंने कहा, ‘‘भाजपा का जनता में भरोसा है, जबकि विपक्ष सत्तालोलुप लोगों का समूह है।’’

पाठक ने कहा कि लोग भाजपा के साथ हैं और उन्हें प्रधानमंत्री मोदी पर बहुत भरोसा है।

उन्होंने दावा किया कि लोकसभा चुनाव में राज्य की सभी 80 सीट पर भाजपा की जीत होगी। उन्होंने भरोसा जताया कि भाजपा सोनिया गांधी के प्रतिनिधित्व वाली लोकसभा सीट रायबरेली और सपा प्रमुख अखिलेश यादव की पत्नी डिंपल यादव के प्रतिनिधित्व वाली एवं सपा का गढ़ मानी जाने वाली मैनपुरी सीट पर भी जीत हासिल करेगी।

पाठक ने अमेठी लोकसभा सीट संबंधी एक सवाल के जवाब में कहा कि राहुल गांधी को इस संसदीय सीट से चुनाव लड़ाने या नहीं लड़ाने का फैसला उनकी पार्टी करेगी, लेकिन भाजपा नेता स्मृति ईरानी पहले से भी ज्यादा प्रचंड मतों से जीतेंगी और इस बार ‘‘हम (भाजपा) रायबरेली में भी भारी मतों के अंतर से जीतेंगे।’’

अमेठी में 2019 के चुनाव में ईरानी ने राहुल गांधी को पराजित किया था। रायबरेली से सोनिया गांधी 1999 से लगातार चार बार निर्वाचित हुई हैं।

पाठक ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं ने उन 16 सीट पर जीत हासिल करने के लिए मेहनत शुरू कर दी है, जिन्हें पार्टी 2019 में जीत नहीं पाई थी।

उन्होंने कहा, ‘‘पार्टी के शीर्ष से लेकर जमीनी स्तर तक के कार्यकर्ताओं ने इन निर्वाचन क्षेत्रों में जीत सुनिश्चित करने के लिए विशेष प्रयास शुरू कर दिए हैं।’’

भाजपा नेता ने विपक्षी दलों के समूह 'इंडिया' (इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इंक्लूसिव अलायंस) के बारे में कहा, ''ये वही लोग हैं, जो संप्रग-एक (संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन) और संप्रग-दो में शामिल थे। यह सत्‍ता के लोलुप लोगों का समूह है। यह कुर्सी के भूखे लोगों का समूह है, जो ‘येन-केन प्रकारेण’ जनता को गुमराह करके सत्ता पाना चाहते हैं, लेकिन जनता इन्हें अच्छी तरह समझती है।''

‘इंडिया’ में कांग्रेस, सपा, तृणमूल कांग्रेस, जनता दल यूनाइडेट (जदयू) और राष्ट्रीय जनता दल (राजद) समेत विपक्षी दल शामिल हैं।

पाठक ने कहा, ‘‘ये वही लोग हैं जो संप्रग-एक और संप्रग-दो में कांग्रेस के साथ सत्ता में थे और वे अपने-अपने राज्य में कांग्रेस की तरह भ्रष्टाचार के दलदल में डूबे हैं।’’

उपमुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘उत्तर प्रदेश में भाजपा 80 की 80 सीट जीतेगी और प्रचंड बहुमत से मोदी जी (प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी) के नेतृत्व में तीसरी बार भाजपा की सरकार बनेगी।’’

उन्होंने कहा, ‘‘जैसे समाजवादी पार्टी का बिहार या पश्चिम बंगाल में कोई जनाधार नहीं है, वैसे ही जदयू या राजद का उत्तर प्रदेश में कोई आधार नहीं है। ये सब दल अपने-अपने राज्यों में भाजपा से लड़ेंगे और भाजपा विजयी होगी।’’

महिला आरक्षण को लेकर सपा प्रमुख अखिलेश यादव द्वारा लगाए गए आरोपों को लेकर पाठक ने कहा, ‘‘भाजपा महिलाओं का हमेशा सम्मान करती है- शक्ति के रूप में, सरस्वती के रूप में और लक्ष्मी के रूप में।’’

उन्होंने कहा कि भाजपा ने पूरे देश में महिलाओं के प्रति सच्ची श्रद्धा पैदा करने और उन्हें आत्‍म सम्‍मान और गौरव की अनुभूति कराने का कार्य किया है।

यादव ने शुक्रवार को सोशल मीडिया मंच ‘एक्‍स’ पर कहा था कि यह आधा अधूरा विधेयक ‘महिला आरक्षण’ जैसे गंभीर विषय का उपहास है।

लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं के लिए एक तिहाई सीट आरक्षित करने संबंधी इस विधेयक को बृहस्पतिवार को संसद में मंजूरी मिल गई। इसका नाम 'नारी शक्ति वंदन अधिनियम' रखा गया है।

सपा के राष्ट्रीय महासचिव स्‍वामी प्रसाद मौर्य द्वारा सनातन धर्म और ब्राह्मणों को लेकर तीखी टिप्पणी किये जाने के मामले पर पाठक ने कहा, ‘‘मैं उन पर कुछ कहना नहीं चाहूंगा। वह केवल मीडिया में आने के लिए ऐसी बातें करते हैं, लेकिन इस प्रकार की बातों का (जनता के दिल में) कोई स्थान नहीं है। स्‍वामी प्रसाद जैसे वरिष्ठ नेता को ऐसी भाषा शोभा नहीं देती।’’

घोसी विधानसभा उप चुनाव में भाजपा उम्मीदवार दारा सिंह चौहान की पराजय से जुड़े एक सवाल के जवाब में भाजपा नेता ने कहा, ‘‘देखिए, हमने उपचुनाव में काम किया और स्थानीय समीकरण की वजह से जो दिक्कत हुई, हम उसकी समीक्षा कर रहे हैं।’’

इसी माह हुए इस उप चुनाव में दारा सिंह चौहान को 'इंडिया' समर्थित सपा के उम्मीदवार सुधाकर सिंह ने 40 हजार से अधिक मतों से पराजित कर दिया था।

यह पूछे जाने पर कि घोसी में क्या कोई रणनीतिक चूक हुई, उन्होंने कहा, ‘‘भाजपा से घोसी को लेकर कोई रणनीतिक चूक नहीं हुई है। स्थितियां बदलती रहती हैं। हां, यह सही है कि वहां भाजपा के समर्थक मतदाताओं की संख्या उतनी नहीं है, जितनी हर विधानसभा क्षेत्र में है। इस वजह से थोड़ी दिक्कत हुई, लेकिन आगे ऐसा न हो, इसकी हम व्यवस्था करेंगे।’’

पाठक ने एक सवाल के जवाब में सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के प्रमुख ओमप्रकाश राजभर को अपना अच्छा मित्र बताया।

उन्होंने कहा, ‘‘राजभर हमारे मित्र हैं। अच्छे नेता हैं, बड़े सामाजिक कार्यकर्ता हैं, समाज में उनकी अच्छी पकड़ है और प्रदेश की जनता उन्हें चाहती है।’’

यह पूछे जाने पर कि उत्तर प्रदेश में 2024 के लिए छोटे दलों के साथ गठबंधन की क्या कोई तैयारी है, पाठक ने कहा, ‘‘यह परिस्थितियों पर निर्भर करेगा। हम पहले से कुछ नहीं कहेंगे, लेकिन परिस्थितियों के अनुसार तैयारी रहती है। हम परिस्थितियों के हिसाब से काम करते हैं और सजग रहते हैं।’’










संबंधित समाचार