हिंदी
तिरुवनंतपुरम: केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने शनिवार को भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) के रॉकेट प्रक्षेपण की 60वीं वर्षगांठ समारोह का उद्घाटन किया और भारत की अंतरिक्ष आकांक्षाओं को वास्तविकता में तब्दील करने में महत्वपूर्ण भूमिका के लिए विक्रम साराभाई अंतरिक्ष केंद्र (वीएसएससी) की सराहना की।
डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के अनुसार केंद्रीय विज्ञान, प्रौद्योगिकी, परमाणु ऊर्जा एवं अंतरिक्ष राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) सिंह ने यहां कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि चंद्रयान मिशन की सफलता इसरो के पहले रॉकेट प्रक्षेपण के 60वें वर्ष में मिली।
विदेश एवं संसदीय मामलों के राज्य मंत्री वी मुरलीधरन ने अपने संबोधन में इसरो के वैश्विक योगदान की सराहना की और आधिकारिक विदेशी यात्राओं के दौरान गणमान्य व्यक्तियों से मिली प्रशंसा का हवाला दिया। उन्होंने कहा कि न केवल अंतरिक्ष, बल्कि विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी में भी भारत की उपलब्धियां कई राष्ट्राध्यक्षों के लिए गर्व का स्रोत है।
इसरो अध्यक्ष एस सोमनाथ की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यक्रम में वीएसएससी के निदेशक डॉ. एस उन्नीकृष्णन नायर, आईआईएसटी कुलाधिपति डॉ. बी एन सुरेश, पूर्व एसपीएल निदेशक प्रोफेसर आर शशिधरन और अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
वर्ष 1963 की ऐतिहासिक घटना की याद दिलाने वाला एक कार्यक्रम उसी स्थान पर आयोजित किया गया। कार्यक्रम में आरएच 200 रॉकेट प्रक्षेपण, एक अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी प्रदर्शनी, छात्रों के साथ चर्चा और वैज्ञानिकों द्वारा ज्ञानवर्धक व्याख्यान शामिल था।
Published : 25 November 2023, 5:25 PM IST
No related posts found.