डीयू के छात्र की हत्या के मामले में दो लोग गिरफ्तार

डीएन ब्यूरो

दिल्ली विश्वविद्यालय (डीयू) के प्रथम वर्ष के एक छात्र की रविवार को दक्षिण परिसर (साउथ कैंपस) में आर्यभट्ट कॉलेज के बाहर चाकू गोदकर हत्या किए जाने के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।

गिरफ्तार (फाइल)
गिरफ्तार (फाइल)


नई दिल्ली: दिल्ली विश्वविद्यालय (डीयू) के प्रथम वर्ष के एक छात्र की रविवार को दक्षिण परिसर (साउथ कैंपस) में आर्यभट्ट कॉलेज के बाहर चाकू गोदकर हत्या किए जाने के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि आरोपियों की पहचान दिल्ली के बिंदापुर इलाका निवासी राहुल (19) और जनकपुरी निवासी हारून (19) के रूप में की गई है, दोनों दोस्त हैं।

विश्वविद्यालय के स्कूल ऑफ ओपन लर्निंग के प्रथम वर्ष के छात्र निखिल चौहान की रविवार को साउथ कैंपस में आर्यभट्ट कॉलेज के बाहर कथित तौर पर चाकू गोदकर हत्या कर दी गई थी, क्योंकि उसने अपनी प्रेमिका को परेशान किए जाने पर आपत्ति जताई थी।

उसने बताया कि राहुल (19) कॉलेज में प्रथम वर्ष का छात्र है और उसके पिता बिंदापुर में ब्रेड की दुकान चलाते हैं। राहुल का मित्र हारून जनकपुरी का रहने वाला है और यहां निलोठी इलाके में टी-शर्ट की एक फैक्टरी में काम करता है।

पीड़ित निखिल (19) राजनीति विज्ञान में बीए (ऑनर्स) कर रहा था और पश्चिम विहार का रहने वाला था।

सूत्रों के मुताबिक 11 जून को आर्यभट्ट कॉलेज की कैंटीन में राहुल, यश और राज सिंह एक लड़की के साथ मौजूद थे। बंटी नामक एक युवक ने उन पर टिप्पणी की, जिसके बाद हाथापाई शुरू हो गई।

सूत्रों ने बताया कि इस बीच, निखिल अपनी प्रेमिका के साथ वहां आया और हस्तक्षेप करने की कोशिश की, और हाथापाई के दौरान उसकी प्रेमिका को कथित तौर पर उनमें से एक ने थप्पड़ मार दिया।

बाद में मामला रफा-दफा हो गया। हालांकि, रविवार को कथित आरोपी ने निखिल पर उस समय चाकू से हमला कर दिया जब वह कक्षा में शामिल होने आया था।

उन्होंने कहा, तथ्यों को सत्यापित किया जा रहा है। सूत्रों के अनुसार रविवार को अपराह्न करीब 12.30 बजे, आरोपी एवं उसके तीन साथी आर्यभट्ट कॉलेज के बाहर निखिल से मिले और उसके सीने में कथित तौर पर चाकू घोंप दिया।

पुलिस ने बताया कि निखिल को नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया।

पूछताछ के दौरान गिरफ्तार आरोपियों ने पुलिस को बताया कि राज ने निखिल को चाकू मारा था।

सूत्रों ने कहा कि अन्य आरोपी व्यक्तियों की गिरफ्तारी के बाद घटना के क्रम के बारे में विवरण सत्यापित किया जाएगा। इस घटना में शामिल लोगों की संख्या बढ़ सकती है। पुलिस ने बताया कि इस सिलसिले में रविवार को साउथ कैंपस थाने में मामला दर्ज किया गया।

वहीं, निखिल के परिजनों ने आरोप लगाया कि सुनियोजित तरीके से उसकी हत्या की गयी है। हालांकि, पुलिस ने कहा कि अन्य व्यक्तियों की गिरफ्तारी के बाद साजिश के कोण की पुष्टि की जाएगी।

हारून के एक परिजन ने कहा, ‘‘ पुलिस कल रात हारून को अपने साथ ले गई और हमें सूचित किया कि वे उसे बाद में छोड़ देंगे। हालांकि, जब हम सुबह थाने पहुंचे तो हमें घटना के बारे में पता चला। ’’

 










संबंधित समाचार