Surajkund Mela 2023: सूरजकुंड मेले का आगाज कल से, उपराष्ट्रपति करेंगे उद्घाटन, यहां जानिये मेले से जुड़ी हर बातें

डीएन ब्यूरो

देश की राजधानी दिल्ली से सटे हरियाणा के फरीदाबाद में कल यानी शुक्रवार से 36वें सूरजकुंड अंतरराष्ट्रीय हस्तशिल्प मेले का आयोजन होने जा रहा है। डाइनामाइट न्यूज़ की इस रिपोर्ट में जानिये इस मेले से जुड़ी हर बातें

सूरजकुंड मेला 3 फरवरी से 19 फरवरी तक लगेगा
सूरजकुंड मेला 3 फरवरी से 19 फरवरी तक लगेगा


नई दिल्ली: देश की राजधानी दिल्ली से सटे हरियाणा के फरीदाबाद में कल यानी शुक्रवार से 36वें सूरजकुंड अंतरराष्ट्रीय हस्तशिल्प मेले का आयोजन शुरू होने जा रहा है। उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ सूरजकुंड अंतरराष्ट्रीय शिल्प मेला-2023 का कल उद्घाटन करेंगे। यह मेला 3 फरवरी से 19 फरवरी तक चलेगा। इस बार मेले में 40 देशों के शिरकत करने की संभावना है। 

केंद्रीय पर्यटन सचिव अरविंद सिंह ने गुरूवार को सूरजकुंड मेला परिसर में मीडिया संबोधित किया। उन्होंनें कहा कि तीन फरवरी से 19 फरवरी तक चलने वाले सूरजकुंड अंतरराष्ट्रीय शिल्प मेला-2023 एक नयी ऊर्जा और उत्साह के साथ इतिहास रचने जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस मेले का 36वां संस्करण दुनिया भर से और पूरे भारत से अभूतपूर्व भागीदारी का गवाह बनेगा जिसका उद्घाटन उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ द्वारा शुक्रवार को किया जाएगा।

दिल्ली-NCR के चर्चित सूरजकुंड अंतरराष्ट्रीय हस्तशिल्प मेले के आयोजन में इस बार ‘थीम स्टेट’ के तौर पर शंघाई सहयोग संगठन  शिरकत करने जा रहा है। 

इस बार आयोजन के दौरान चीन, रूस, कजाकिस्तान, उज्बेकिस्तान, तुर्की, कंबोडिया, यूएई समेत 40 देशों के शामिल होने की संभावना है।

सूरजकुंड मेले के आयोजन में हर साल अलग-अलग थीम रखी जाती हैं। इस बार मेले की थीम पूर्वोत्तर के आठ राज्यों पर रखी गई है। इसमें अरूणाचल प्रदेश, नगालैंड, सिक्किम, असम, मणिपुर, मेघालय, मिजोरम और त्रिपुरा को थीम स्टेट बनाया गया है।

विजिटर्स के लिए मेला सुबह 10.30 बजे से लेकर रात में 08.30 बजे तक खुला रहेगा। मेला परिसर में सुरक्षा के भी पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। मेला परिसर में नाके बनाकर पुलिसकर्मी सुरक्षा व्यवस्था संभालेंगे।

मेले में हर दिन अलग-अलग आयोजन आकर्षण का केंद्र रहेंगे। इसमें क्लासिकल डांस, फोक सॉन्ग, स्टार परफॉर्मेंस, क्लासिकल डांस समेत अन्य प्रस्तुतियां रहेंगी।










संबंधित समाचार