Republic Day Parade 2021: देश भर में 72वें गणतंत्र दिवस की धूम, राजपथ पर ब्रह्मोस-तेजस, राफेल की शक्ति के साथ दिखे संस्कृति के रंग

डीएन ब्यूरो

भारत आज अपना 72वां गणतंत्र दिवस मना रहा है। इस ऐतिहासिक मौके पर राजपथ पर गणतंत्र दिवस परेड के जरिये पूरी दुनिया भारत की ताकत को देखेगी। गणतंत्र दिवस के LIVE अपडेट के लिये जुड़िये डाइनामाइट न्यूज के साथ

राजपथ पर पहली बार दिखी अयोध्या में बन रहे राम मंदिर की झांकी
राजपथ पर पहली बार दिखी अयोध्या में बन रहे राम मंदिर की झांकी


नई दिल्ली: भारत आज अपना 72वां गणतंत्र दिवस मना रहा है। देश भर में 72वें गणतंत्र दिवस के मौके पर कई तरह के कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। पूरा देश उत्साह और जोश के रंग में रंगा हुआ है। विदेशों से भी भारत के गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं मिल रही है। इस ऐतिहासिक मौके पर थोड़ी ही देर में राजपथ पर गणतंत्र दिवस की परेड का आयोजन शुरू होने जा रहा है, जिसके जरिये दुनिया भारत की ताकत को देखेगी।  

LIVE Republic Day Parade: इस लिंक को क्लिक कर आप देख सकते हैं गणतंत्र दिवस परेड की परेड नई दिल्ली के राजपथ से लाइव

राजपथ पर उत्तर प्रदेश की झांकी में अयोध्या की विरासत, राम मंदिर औऱ रामायण जैसी कई सांस्कृतिक, धार्मिक और आध्यात्मिक झलक देखने को मिली। अयोध्या को राम जन्मभूमि होने के कारण सनातन संस्कृति का प्रतीक माना जाता है। राज्य की झांकी में अयोध्या की सांस्कृतिक विरासत, मूल्यों और सुंदरता को दिखाया गया। पहले भाग में महर्षि वाल्मिकी को रामायण की रचना करते दिखाया गया। 

राजपथ पर कई राज्यों, सरकारी विभागों और मंत्रालयों की खूबसूरत झाकियां देश वासियों को देखने को मिल रही है।

 

नौसेना और वायुसेना की झांकी

नौसेना के बाद वायुसेना की झांकी राजपथ पर आई। भारतीय वायु सेना की झांकी की विषय वस्तु है- ‘भारतीय वायु सेना- शान से आकाश को छूते हुए. इस झांकी में हल्का लड़ाकू विमान, हल्का लड़ाकू हेलिकॉप्टर, सू-30 मार्क-1 वायुयान और रोहिणी रेडार के प्रतिरूप आसमानी पृष्ठभूमि में दर्शाए गए हैं। झांकी के दोनों तरफ वर्दी में सुसज्जित अफसरों को दिखाया गया।

राजपथ पर उन्नत या अपग्रेडेड शिल्का हथियार प्रणाली की झांकी निकली। इसकी कमान 140 वायु रक्षा रेजिमेंट (सेल्फ प्रोपेल्ड) की कैप्टन प्रीति चौधरी ने संभाली।
रेजिमेंट्स की शानदार झांकी 

विभिन्न रेजिमेंट्स की शानदार झांकी राजपथ पर देखी जा रही है। सबसे पहले जाट रेजिमेंट ने अपनी परेड की, उसके बाद गढ़वाल रेजिमेंट के जवानों ने अपना जज्बा दिखाया। महार रेजिमेंट ने अभी अपना जज्बा राजपथ पर दिखाया। जम्मू एवं कश्मीर राइफल्स रेजिमेंट के जवानों ने राजपथ पर अपने जज्बे से हर किसी का दिल जीत लिया। सिख लाइट इंफैंट्री रेजिमेंटल सेंटर, लद्धाख स्काउट्स रेजिमेंटल सेंटर, आर्टिलरी सेंटर (नासिक रोड़) के संयुक्त बैंड दस्ते ने ‘‘बलिदान‘‘ की धुन को राजपथ पर बजाया।


युद्धक टैंक टी-90 

 

राजपथ पर युद्धक टैंक टी-90 (भीष्म) ने अपना जलवा बिखेरा। यह 125 मिमी की शक्तिशाली स्मूथ बोर गन, 7.62 मिमी को-एक्सिल मशीन गन और 12.7 मिमी वायुयानरोधी गन से लैस है। यह मुख्य युद्धक टैंक, हंटर-किलर सिद्धांत पर कार्य करता है। 

ब्रह्मोस मिसाइल

राजपथ पर 861 मिसाइल रेजिमेंट की ब्रह्मोस मिसाइल प्रणाली के मोबाइल स्वायत (ऑटोनोमस) लांचर ने राजपथ पर अपनी ताकत दिखाई, इसका नेतृत्व कैप्टन कमरूल ज़मान ने किया।

गणतंत्र दिवस के मौके पर राजपथ पर पहली बार बांग्लादेश की सशस्त्र सेनाओं के 122 सैनिकों का मार्चिंग दस्ते ने अपनी उपस्थिति दर्ज करवाई।
राजपथ पर 155 हेलिकॉप्टर यूनिट के चार MI-17 V5 हेलिकॉप्टर से पुष्प वर्षा, कमांडर निखिल मेहरोत्तरा ने किया नेतृत्व।

 

 

गणतंत्र दिवस परेड से पहले राजपथ पर भारत का गौरव तिरंगा फहराया गया। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने राजपथ पर आयोजित परेड की सलामी ली।

 

 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी राजपथ पहुंचे, जहां उनका स्वागत रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने किया। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद भी राजपथ पहुंच गये है। राष्ट्रगान के बाद गणतंत्र दिवस की परेड शुरू होगी।

गणतंत्र दिवस परेड मं शामिल होने से पहले सुबह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नेशनल वॉर मेमोरियल पहुंचे, जहां उन्होंने शहीदों को श्रद्धांजलि दी। इस दौरान उनके साथ रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और तीनों सेनाओं के प्रमुख भी मौजूद रहे। हर बार गणतंत्र दिवस के जश्न से पहले शहीदों को इसी प्रकार श्रद्धांजलि दी जाती है।

नेशनल वॉर मेमोरियल में पीएम मोदी

कोरोना संक्रमण के कारण इस बार राजपथ पर की परेड देखने वाले दर्शकों की संख्या का सीमित कर दिया गया है। परेड देखने के लिये पहुंचे दर्शकों द्वारा सोशल डिस्टेंशिंग का पालन किया जा रहा है। कोरोना के चलते राजपथ पर सिर्फ 25 हजार दर्शकों को इजाजत मिली है।

राजपथ पर परेड के पहुंचे दर्शकों द्वारा सोशल डिस्टेंशिंग का पालन

गूगल ने खास डूडल बनाकर देशवासियों को 72वें गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दी हैं।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत देश के कई नेताओं ने देशवासियों को 72वें गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दी। पीएम मोदी ने अपने शुभकामना संदेश के साथ जय हिंद लिखा।

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ में अपने आवास पर गणतंत्र दिवस के मौके पर तिरंगा फहराया। इस अवसर पर कई अफसर और गणमान्य लोग भी उपस्थित रहे।

सीएम योगी ने लखनऊ स्थित अपने आवास पर फहराया तिरंगा

 

किले में तब्दील हुई दिल्ली

गणतंत्र दिवस समारोह के मद्देनजर  दिल्ली में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। पूरी राजधानी अभेद्य किले में तब्दील हो गई है। जमीन से लेकर आसमान तक कड़ा पहरा है। चप्पे-चप्पे पर पुलिस व पैरा मिलिट्री तैनात है। सोमवार रात 12 बजे से ही दिल्ली की सभी  सीमाएं सील कर दी गई हैं। इंट्री उन्हें ही मिलेगी, जिन्हें अति आवश्यक काम होगा।

सशस्त्र बलों की झांकी  

गणतंत्र दिवस पर राजपथ पर सशस्त्र बलों की झांकी के अलावा, 17 झांकियां विभिन्न राज्यों की होंगी। केंद्र सरकार के विभिन्न मंत्रालयों  और विभागों की नौ झांकियां और अर्धसैनिक बलों और रक्षा मंत्रालय की छह झांकियां होंगी।

राफेल फाइटर जैट

यह रिपब्लिक डे की परेड इस बार कई मायनों में बेहद खास और अलग है। पहली बार राजपथ के ऊपर से राफेल फाइटर जैट उड़ान भरेंगे और इस परेड में अपना दम दिखाएंगे।
 










संबंधित समाचार