हिंदी
कर्नाटक: तीसरे चरण के मतदान के शुरू होने से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कर्नाटक के बेलगावी में चुनाव प्रचार किया। इस दौरान उन्होंने एक रैली को संबोधित करते हुए कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस देशहित से इतना दूर हो चुकी है कि उसे देश की उपलब्धियां अच्छी नहीं लगती।
उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस को भारत की उपलब्धियों पर शर्म आती है। हुबली हत्याकांड को लेकर भी पीएम मोदी ने राज्य की सत्तारूढ़ पार्टी कांग्रेस पर कटाक्ष किया है। पीएम मोदी ने कांग्रेस पर छत्रपति शिवाजी महाराज और रानी चिनम्मा का अपमान करने का आरोप भी लगाया है।
डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के अनुसार रैली को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा, "भारत जब मजबूत होता है तो हर भारतीय खुश होता है लेकिन कांग्रेस देशहित से इतना दूर हो चुकी है कि उसे देश की उपलब्धियां अच्छी नहीं लगती है। भारत की हर सफलता पर उन्हें शर्म आने लगी है। उन्होंने ईवीएम के बहाने पूरी दुनिया में भारत को बदनाम करने की कोशिश की।"
कांग्रेस पर पीएम मोदी ने साधा निशाना
पीएम मोदी ने बताया कि कांग्रेस मानसिक रूप से अंग्रेजों की गुलामी में ही जी रही थी। उन्होंने कहा, "पिछले 10 वर्षों में भाजपा, एनडीए सरकार ने देश के नागरिकों की इज ऑफ लिविंग के लिए बहुत काम किया है। इसका बड़ा उदाहरण भारतीय न्याय संहिता है, कांग्रेस मानसिक रूप से अंग्रेजों की गुलामी में ही जी रही थी। अब भारत में न्याय संहिता में दंड को नहीं बल्कि न्याय देने को प्राथमिकता दी गई है।"
कांग्रेस पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा, "कांग्रेस के शहजादे का कहना है कि भारत के राजा, महाराजा अत्याचारी थे। वे गरीबों की जमीन छीन लेते थे। कांग्रेस के शहजादे ने छत्रपति शिवाजी महाराज, रानी चिनम्मा का अपमान किया है। कांग्रेस के शहजादे का बयान सोच-समझकर वोट बैंक की राजनीति करने के लिए, तुष्टीकरण के लिए दिया गया बयान है।"
Published : 28 April 2024, 3:01 PM IST
Topics : Chhatrapati Shivaji Congress insult Karnataka PM Modi अपमान कर्नाटक कांग्रेस छत्रपति शिवाजी पीएम मोदी