
बस्ती: अनाधिकृत, फर्जी व्यक्तियों द्वारा मेडिकल स्टोरों पर छापेमारी और फार्मासिस्टों से धन उगाही को लेकर फार्मासिस्टों में रोष व्याप्त है। अखिल भारतीय फार्मासिस्ट एसोसिएशन के जिला अध्यक्ष प्रमेन्द्र कुमार के नेतृत्व में फार्मासिस्टों के प्रतिनिधिमंडल ने औषधि निरीक्षक अरविन्द कुमार से मिलकर स्थितियों की जानकारी दी।
डाइनामाइट न्यूज संवाददाता के मुताबिक प्रतिनिधिमण्डल ने उन्हें अनधिकृत व फर्जी व्यक्तियों द्वारा मेडिकल स्टोर्स पर छापामारी कर फार्मासिस्टों का शोषण व धन उगाही जैसी घटनाओं से अवगत कराया। इस पर औषधि निरीक्षक ने लाइसेंसधारी पंजीकृत फार्मासिस्टों द्वारा संचालित मेडिकल स्टोर संचालकों से निर्भीक होकर नियमानुसार कार्य करने को कहा।
इसी क्रम में संगठन के पदाधिकारी मुख्य चिकित्सा अधिकारी आर. एस. दुबे से मिलने पहुंचे और मुलाकात न होने पर उन्हें फोन पर वार्ता कर अवैध लोगों द्वारा मेडिकल स्टोर पर फर्जी छापेमारी व धन उगाही की बात से अवगत कराया। इस पर मुख्य चिकित्साधिकारी ने आश्वासन दिया कि ऐसे अनाधिकृत और फर्जी लोगों पर कारर्वाई की जाएगी। प्रतिनिधिमण्डल में फार्मासिस्ट कृष्ण मोहन यादव, गिरिजेश सेन, फारूक अब्दुल्ला, धर्मनाथ, संतोष चौधरी, मधुर प्रकाश, पवन रौनियार, अनूप चौरसिया, सलमान अहमद, अखिलेश गुप्ता, अब्दुल रशीद और सूरज चौहान आदि शामिल रहे।
Published : 23 July 2024, 3:04 PM IST
Topics : All India Pharmacists Association basti news Dynamite News UP News अखिल भारतीय फार्मासिस्ट एसोसिएशन बस्ती समाचार यूपी समाचार