हिंदी
गाजीपुर: वाराणसी-गोरखपुर मार्ग पर बिरनो थाना के पास गुरुवार की मध्यरात्रि में वाराणसी के तरफ से आ रही बेलेनो कार सड़क किनारे खड़े गिट्टी लदे ट्रेलर में पीछे से घुस गई। हादसे में बिहार की कार सवार डॉ. सोनी यादव सहित चार लोगों की मौत हो गई।
डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के अनुसार तीन घंटे की मशक्कत के बाद किसी तरह कार का दरवाजा तोड़कर शवों को बाहर निकाला गया। चालक को झपकी आने पर डॉक्टर का दूसरा स्टाफ गाड़ी चला रहा था। डॉ. सोनी यादव बिहार के पूर्णिया सांसद पप्पू यादव की चचेरी भांजी थी। वह पूर्णिया में अपना निजी नर्सिंग होम चलाती थी।

बच्चों को संभालने के लिए घर पर ही रहे पति
बिहार के गुलाबबाग निवासी दुर्गा यादव की पुत्री डॉ. सोनी की शादी वर्ष 2011 में पूर्णिया के बनमखनी गांव निवासी पेशे से चिकित्सक डॉ. मुकेश यादव के साथ हुई है। डेढ़ पूर्व डॉ. सोनी के जुड़वा बच्चे पैदा हुए थे।
तीन दिन पूर्व डॉ. सोनी ने पति मुकेश से महाकुंभ स्नान करने की इच्छा जताई। पति-पत्नी में तय हुआ कि दोनों में से कोई एक ही स्नान करने जाएगा, ताकि एक लोग घर में बच्चों की देखभाल करेंगे।
इसके बाद दो दिन पूर्व डॉ. सोनी बिहार के मुरलीगंज निवासी पति मुकेश की 60 वर्षीय बुआ गायत्री यादव पत्नी भोला यादव, अस्पताल के स्टाफ विपिन शाह और एमआर दीपक झा (38) निवासी राधा नगर बनमखनी बिहार व निजी कार चालक सलाउद्दीन निवासी पूर्णिया के साथ प्रयागराज महाकुंभ में स्नान करने गई।
झपकी आने के कारण हादसा
स्नान के बाद गुरुवार की शाम सभी लौटने लगे तो रास्ते में चालक सलाउद्दीन को झपकी आने लगी। यह देख अस्पताल स्टाफ विपिन शाह ने कार को रोककर खुद चलाने लगा। सभी बिरनो थाने के समीप पहुंचे ही थे कि विपिन को झपकी आने से कार खड़े ट्रेलर में घुस गई।
Published : 21 February 2025, 6:13 PM IST
Topics : Accident Bihar News death Dynamite News Mahakumbh niece Pappu Yadav UP News Varanasi Gorakhpur Route