हिंदी
नई दिल्लीः देश की राजधानी दिल्ली के प्रगति मैदान में आज से विश्व पुस्तक मेला-2018 का शुभारंभ हो गया है। यह विश्व पुस्तक मेले का 26वां संस्करण है। इस पुस्तक मेले में भारतीय प्रकाशक ही नहीं बल्कि दुनियां भर के कई पब्लिशर भी भाग लेंगे। मेले में पाकिस्तान के प्रकाशकों के भी स्टाल हैं। यह मेला 14 जनवरी तक चलेगा।

जलवायु परिवर्तन, ग्लोबल वार्मिग की थीम
नेशनल बुक ट्रस्ट (एनबीटी) और भारत ट्रेड प्रोमोशन ऑर्गेनाइजेशन (आईटीपीओ) के सहयोग से आयोजित हो रहे इस बार के विश्व पुस्तक मेले की थीम पैवेलियन में जलवायु परिवर्तन, ग्लोबल वार्मिग, जल प्रदूषण और अन्य संबद्ध मामले तथा पर्यावरण से जुड़े मुद्दों को खास तवज्जो दी गयी है।

800 प्रकाशक, 1,500 से ज्यादा स्टॉल
विश्व पुस्तक मेले की कई खासियतें हैं। इस बार पूरे देश से विभिन्न भाषाओं के लगभग 800 प्रकाशक हिस्सा ले रहे है, जो अपने स्टाल के माध्यम से कई तरह की किताबों को मेले में उपलब्ध करायेंगे। मेले का आयोजन 30,000 वर्ग मीटर के आहाते में किया गया है, जिसमें 1,500 से ज्यादा स्टॉल होंगे।

मेट्रो स्टेशनों पर टिकट
इस वर्ल्ड बुक फेयर में प्रवेश के लिये बच्चों के लिए 20 रुपये और वयस्कों के लिए 30 रुपये का टिकट रखा गया है। टिकट प्रगति मैदान मेट्रो के गेट नंबर 01 और 10 पर मिलेंगे। ऑनलाइन टिकट की सुविधा भी उपलब्ध है। प्रगति मैदान के अलावा दिल्ली के कुछ मेट्रो स्टेशनों पर भी टिकट उपलब्ध होंगे। मेला सुबह 11 बजे से शाम 8 बजे तक चलेगा।
Published : 6 January 2018, 1:04 PM IST
No related posts found.