बिहार में महागठबंधन सरकार बनने के बाद भाजपा का शीर्ष नेतृत्व करेगा यह काम

जनता दल (यूनाइटेड) के राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) से अलग होने और राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के साथ मिलकर बिहार में महागठबंधन की सरकार बनाने के बाद भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का शीर्ष नेतृत्व मंगलवार को पार्टी की प्रदेश इकाई के प्रमुख नेताओं के साथ बैठक कर आगे की रणनीति पर मंथन करेगा।पढ़िये डाइनामाइट न्यूज़ की पूरी रिपोर्ट

Post Published By: डीएन ब्यूरो
Updated : 16 August 2022, 5:26 PM IST

नयी दिल्ली: जनता दल (यूनाइटेड) के राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) से अलग होने और राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के साथ मिलकर बिहार में महागठबंधन की सरकार बनाने के बाद भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का शीर्ष नेतृत्व मंगलवार को पार्टी की प्रदेश इकाई के प्रमुख नेताओं के साथ बैठक कर आगे की रणनीति पर मंथन करेगा।

यह भी पढ़ें: बिहार में महागठबंधन सरकार के गठन पर भाजपा ने कही ये नई बात

पार्टी नेताओं से मिली जानकारी के मुताबिक, इस बैठक में 2024 के लोकसभा चुनाव के मद्देनजर पार्टी की भावी रणनीति पर चर्चा होगी। इस बैठक में बिहार में सांगठनिक फेरबदल पर भी चर्चा हो सकती है।

यह भी पढ़ें: बिहार में JDU-BJP में ब्रेकअप! कांग्रेस नेता का दावा- महागठबंधन के CM होंगे नीतीश कुमार

यह बैठक ऐसे समय में हो रही है, जब मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मंगलवार को अपनी मंत्रिपरिषद का विस्तार किया है। उनकी मंत्रिपरिषद में 31 विधायकों को शामिल किया गया है। इनमें ज्यादातर सदस्य राजद के हैं।

भाजपा मीडिया विभाग के राष्ट्रीय सह-प्रभारी संजय मयूख ने कहा, ‘‘बिहार में जंगलराज-दो लौट आया है। जहां तक भाजपा की बात है, तो हम सड़क से लेकर विधानसभा तक जनता की आवाज और उनके मुद्दे उठाएंगे।’’

बिहार विधानपरिषद के सदस्य मयूख ने कहा कि बैठक में जद(यू)-राजद की सरकार के खिलाफ पार्टी की रणनीति तैयार की जाएगी।

बैठक की अध्यक्षता भाजपा अध्यक्ष जे पी नड्डा करेंगे। भाजपा के संगठन महासचिव बी एल संतोष भी इस बैठक में मौजूद रहेंगे।

बैठक में केंद्रीय मंत्री अश्विनी चौबे, गिरिराज सिंह और नित्यानंद राय के अलावा वरिष्ठ नेता रविशंकर प्रसाद और सुशील मोदी के भी उपस्थित रहने की संभावना है।

इनके अलावा बिहार प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष संजय जायसवाल, पूर्व उपमुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद और रेणु देवी तथा पूर्व मंत्री शाहनवाज हुसैन भी इस बैठक में मौजूद रह सकते हैं।

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा नौ अगस्त को राजग से नाता तोड़ने के बाद भाजपा की यह पहली बैठक होगी, जिसमें पार्टी का शीर्ष नेतृत्व भी मौजूद रहेगा।

नीतीश कुमार के नेतृत्व में गठित नयी सरकार में राजद नेता तेजस्वी प्रसाद यादव को उपमुख्यमंत्री बनाया गया है। कुमार के दो सदस्यीय मंत्रिमंडल का विस्तार मंगलवार को हुआ।(भाषा)

Published : 
  • 16 August 2022, 5:26 PM IST

No related posts found.