
फतेहपुर: जहानाबाद विधानसभा क्षेत्र में भाजपा द्वारा चलाए जा रहे गांव/वार्ड चलो अभियान के तहत क्षेत्रीय विधायक और पूर्व मंत्री राजेंद्र सिंह पटेल ने शुक्रवार को नगर पंचायत कोड़ा जहानाबाद के विभिन्न वार्डों का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने "8 साल बेमिसाल" कार्यक्रम के तहत केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों की जानकारी आमजन को दी।
डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के अनुसार,विधायक ने वार्ड नंबर 8 लालूगंज, वार्ड 3 मलकापुर, वार्ड 5 मेवाती टोला, अंबेडकर नगर (वार्ड 4) और वार्ड 2 कटरा चुनपुज में बैठकें कर स्थानीय नागरिकों से संवाद किया। उन्होंने डॉ. भीमराव अंबेडकर के चित्र पर माल्यार्पण कर कार्यक्रम की शुरुआत की और जनता की समस्याएं सुनकर संबंधित अधिकारियों को मौके पर ही आवश्यक निर्देश दिए।
कार्यक्रम के अंत में अनुसूचित मोर्चा के मंडल अध्यक्ष शिवसागर सोनकर के आवास पर सामूहिक भोज का आयोजन किया गया, जिसमें सभी कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों ने सहभागिता की।
इस अवसर पर सभासद महेश कुमार चौरसिया, मंडल अध्यक्ष नितिन ओमर, पूर्व प्रधान राम वली निषाद, सरोज निषाद, अंशु गुप्ता, रमन राजपूत, कामिल फरीदी, राजीव निषाद, मालती वर्मा, कामिनी चौहान, अभय पटेल, विमलेश उत्तम समेत कई भाजपा कार्यकर्ता और स्थानीय लोग उपस्थित रहे। विधायक ने कहा कि सरकार अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है और क्षेत्र में विकास की रफ्तार और तेज होगी।
Published : 12 April 2025, 7:34 PM IST
Topics : bjp Fatehpur Political News UP Election UP News