Kisan Andolan: कृषि कानूनों के खिलाफ महाराष्ट्र के किसानों का व्यापक प्रदर्शन, नासिक से मुंबई मार्च, दिल्ली आने की तैयारी

केंद्र सरकार के तीन नये कृषि कानूनों के खिलाफ महाराष्ट्र के किसान भी व्यापक प्रदर्शन करते हुए नासिक से मुंबई मार्च निकाल रहे हैं। बताया जाता है कि कुछ दिल्ली पहुंचने की तैयारी में हैं। डाइनामाइट न्यूज रिपोर्ट

Updated : 24 January 2021, 3:47 PM IST
google-preferred

मुंबई: केंद्र सरकार के तीन नये कृषि कानूनों के खिलाफ महाराष्ट्र में भी किसानों का व्यापक प्रदर्शन जारी है। यहां बड़ी संख्या में किसान ऑल इंडिया किसान सभा के बैनर तले नासिक से मुंबई तक का मार्च निकाल रहे हैं। बताया जाता है कि इनमे से कुछ दिल्ली पहुंचने की तैयारी भी कर रहे हैं, जो 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस के दिन किसानों के प्रस्तावित ट्रैक्टर मार्च में हिस्सा ले सकते हैं।

ऑल इंडिया किसान सभा के नेतृत्व में शनिवार को 15 हजार किसानों ने नासिक से मुंबई तक का मार्च शुरू किया। सैकड़ों टेम्पो और अन्य वाहनों के साथ गोल्फ क्लब मैदान से इस मार्च की शुरुआत हुई। रात में किसानों का यह मार्च इगतपुरी के पास घाटांदेवी में रुका। रविवार सुबह इन किसानों ने मुंबई जाने के लिये कसारा घाट की ओर मार्च शुरू कर दिया है।

मार्च में शामिल हैं कई जिलों के किसान 

प्रदर्शन में शामिल कुछ किसानों ने कहा कि भाजपा सरकार द्वारा लाए गए तीन कृषि कानून पूरी तरह किसान विरोधी हैं। हमारी आवाज महाराष्ट्र से मुंबई तक पहुंचनी चाहिए। हम मुंबई तक मार्च करेंगे और फिर 26 जनवरी को दिल्ली पहुंचेंगे। 

किसानों के इस मार्च में ठाणे, नासिक, पालघर और अहमदनगर जैसे कम से कम 23 जिलों के किसान शामिल है, जो लगातार मुंबई की ओर बढ रहे हैं। इसके बाद कुछ किसान दिल्ली के रवाना हो सकते हैं।

नये कृषि कानूनों समेत मोदी सरकार के विरोध में नारेबाजी करते हुए ये किसान लगातार आगे बढ रहे हैं। महराष्ट्र के किसानों का यह मार्च दिल्ली में आंदोलन कर रहे किसानों के समर्थन में है।

Published : 
  • 24 January 2021, 3:47 PM IST

Advertisement
Advertisement