हिंदी
महराजगंज: लोकसभा चुनाव के सातवें चरण के लिए नेता पूरा जोर लगा रहे हैं। कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी भी गुरुवार दोपहर महराजगंज से पार्टी प्रत्याशी सुप्रिया श्रीनेत के समर्थन में नगर के जीएसवीएस इंटर कॉलेज में जनसभा को संबोधित किया।
मंच पर पूर्व मंत्री अमरमणि त्रिपाठी की दोनों बेटियां तनुश्री और अलंकृता भी मौजूद रहीं। प्रियंका गांधी को सुनने भारी भीड़ उमड़ी। जनसभा में अल्पसंख्यक बिरादरी के लोग सबसे अधिक पहुंचे हुए थे।
इस दौरान प्रियंका ने कहा यह पुलवामा के शहीद पंकज त्रिपाठी की धरती है। यहां उपस्थित होना गर्व की बात है। 25 सालों से दूसरे दलों का शासन है। मैं गांव-गांव जाती हूं। विकास की हकीकत पता चल रही है। भाजपा के सारे प्रचार, दावे और योजनाएं खोखली हैं। इस सरकार में किसी गरीब को कोई लाभ नहीं मिला है।
जब केंद्र व प्रदेश में एक ही दल की सरकार रहती है तो विकास होता है, लेकिन यहां कोई विकास नहीं हुआ। कहा था कि किसानों की आय दोगुनी होगी, कुछ नहीं हुआ। गन्ना किसान बदहाल हैं। किसान बीमा योजना से किसानों को नहीं मोदी के उद्योगपति मित्रों का फायदा होता है।
भाजपा की नीतियां किसानों, नौजवानों गरीबों के खिलाफ हैं। वह केवल बातें करते हैं। पिछले चुनाव में 15 लाख के नारे के साथ आए थे लेकिन जब चुनाव बाद पूछा गया कि वादे का क्या हुआ तो उन्होंने बताया कि वह तो चुनावी जुमला था।

भाजपा के नेता महिलाओं के खिलाफ अत्याचार करते हैं। भाजपा को किसी भी तरह सत्ता चाहिए। पीएम कहते हैं कि केंद्र की मजबूत सरकार है लेकिन यहां मगरूर सरकार है।
17 मई को पडरौना में करेंगी रोड शो
कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव और प्रभारी पूर्वी उत्तर प्रदेश प्रियंका गांधी वाड्रा शुक्रवार को पडरौना में कांग्रेस प्रत्याशी आरपीएन सिंह के समर्थन में दोपहर दो बजे के बाद रोड शो करेंगी।
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा की जनसभा में प्रमुख रुप से कांग्रेस जिलाध्यक्ष आलोक प्रसाद, पूर्व सांसद जितेन्द्र सिंह, एआईसीसी सदस्य शरदेंदु पांडेय मौजूद रहे।
Published : 16 May 2019, 3:04 PM IST
No related posts found.