हिंदी
लखनऊ: उत्तर प्रदेश के बाहुबली नेताओं में शुमार रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया ने अपनी राजनीतिक पार्टी बना ली है। राजा भैया ने अपनी नई राजनीतिक पार्टी का नाम ‘जनसत्ता पार्टी’ रखा है। नई पार्टी के औपचारिक ऐलान के साथ ही उन्होंने आगामी लोक सभा चुनाव में यूपी की सभी सीटों से चुनाव लड़ने का भी ऐलान कर दिया है। सूबे की सियासय में राजा भैया की एक अलग पहचान है और हर राजनेता से उनके निजी व करीबी संबंध माने जाते हैं।

राजा भैया 30 अक्टूबर को अपने राजनीतिक जीवन के 25 साल पूरे कर रहे हैं और इसी खास मौके पर वह लखनऊ में एक बड़े कार्यक्रम में अपनी नई पार्टी का विधिवत ऐलान करेंगे। साथ ही पार्टी की नीतियों और चुनावी रणनीतियों से भी अवगत कराएंगे। कहा जा रहा है कि नई पार्टी के लिये राजा भैया ने चुनाव आयोग के समक्ष अपना शपथपत्र भी दे दिया है।

राजा भैया कुंडा से छह बार निर्दलीय विधायक रह चुके हैं। सूबे की सियासत में उनका एक अलग रसूख एवं प्रभाव माना जाता है। उनके द्वारा नई राजनीतिक पार्टी के गठन से यूपी में नये चुनावी समीकरण बन सकते हैं।
Published : 11 October 2018, 11:48 AM IST
No related posts found.