लखनऊ: महापौर संयुक्ता भाटिया ने ली शपथ, कहा- नगर निगम को दिये जाएं और अधिकार

लखनऊ की पहली महिला महापौर चुनी गयी भाजपा की संयुक्ता भाटिया ने आज एक भव्य समारोह में पद और गोपनीयता की शपथ ली। शपथ ग्रहण के बाद समारोह के संबोधित करते हुए महापौर ने कहा कि नगर निगम अपने मौजूदा संसाधनों से जनता के जीवन स्तर को बेहतर बनाने की कोशिश करेगा।

Updated : 12 December 2017, 6:48 PM IST
google-preferred

लखनऊ: राम मनोहर लोहिया विधि विश्वविद्यालय में आयोजित एक कार्यक्रम में लखनऊ की पहली महिला महापौर चुनी गयी संयुक्ता भाटिया ने आज पद और गोपनीयता की शपथ ली। उन्होंने गाउन पहन कर शपथ ग्रहण किया। शपथ ग्रहण के बाद उन्हें चांदी का गदा भी भेंट किया गया।

शपथ ग्रहण समारोह में यूपी के नगर विकास मंत्री सुरेश खन्ना, विधि मंत्री बृजेश पाठक, महिला कल्याण मंत्री रीता बहुगुणा जोशी, नोएडा से विधायक पंकज सिंह सहित भारी संख्या में निर्वाचित पार्षद और दूसरे लोग मौजूद रहे।

 

 

शपथ ग्रहण के बाद समारोह के संबोधित करते हुए महापौर संयुक्ता भाटिया ने कहा कि जनता को उनसे खासी उम्मीदें हैं और वह जनता की उम्मीदों पर खरा उतरने की कोशिश करेंगी। उन्होंने कहा कि नगर निगम अपने मौजूदा संसाधनों से जनता के जीवन स्तर को बेहतर बनाने की कोशिश करेगा।

संयुक्ता भाटिया ने लखनऊ की ट्रैफिक जाम, गंदगी जैसी दिक्कतों की भी चर्चा की। उन्होंने कहा कि वह अपने कार्यकाल में राजधानी लखनऊ की इन समस्याओं को दूर करने की कोशिश करेंगी।

इस दौरान उन्होंने यूपी सरकार से 74वें संविधान संशोधन के जरिये नगर निगम को और अधिक अधिकार दिए जाने की भी मांग की। कार्यक्रम के दौरान संयुक्ता भाटिया ने निर्वाचित हुए पार्षदों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस  दौरान वह दूसरे दलों से चुनाव जीतकर आए पार्षदों से भी शहर को सुंदर बनाने में सहयोग करने की अपील की।
 

No related posts found.