हिंदी
लखनऊ: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में पूरे दमखम के साथ मैदान में उतरने और पार्टी की जीत सुनिश्चित करने के लिये कांग्रेस ‘मिशन यूपी’ में जुटी हुई है। राज्य में अपनी चुनावी जमीन मजबूत करने में जुटी कांग्रेस ने प्रदेश कांग्रेस कमेटी का विस्तार करते हुए 43 नये पदाधिकारियों को नियुक्त किया है। इसके साथ ही कांग्रेस ने यूपी में अपने मीडिया और कम्यूनिकेशन विभाग को भी बढ़ाने के साथ चेयरमैन और वाइस चेयरमैन को भी नियुक्त कर दिया है।
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) की अध्यक्ष सोनिया गांधी ने उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी को विस्तार देते हुए 43 नए पदाधिकारियों को नामित किया हैं। इन पदाधिकारियों में तीन उपाध्यक्ष, एक महासचिव (संगठन), 11 महासचिव और 28 सचिव हैं। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी में अब तक केवल अध्यक्ष समेत कुल 115 सदस्य थे। अब नए पदाधिकारियों की नियुक्ति के साथ उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सदस्यों की संख्या 158 हो गई हैं।
प्रदेश कांग्रेस कमेटी में जिन तीन उपाध्यक्षों को नामित किया गया हैं, उनमें उपेन्द्र सिंह, मकसूद खान व जयवंत सिंह शामिल हैं। इसके साथ ही कांग्रेस ने उत्तर प्रदेश में पहली बार महासचिव संगठन का पद बनाया है। इस पद पर दिनेश कुमार सिंह को नियुक्ति की गई है।
प्रदेश कांग्रेस कमेटी में मीडिया और कम्यूनिकेशन विभाग को भी विस्तार दिया गया है। नासिमुद्दीन सिद्दकी को स्टेट कांग्रेस कमेटी, मीडिया एंड कम्यूनिकेशन विभाग का चेयरमैन बनाया गया है। उनके साथ ही पंकज श्रीवास्तव को वाइस चेयरमैन बनाया गया है। राज्य में चार मीडिया कंनवीनेयर्स भी बनाये गये हैं, जिनमें ललन कुमार, अशोक सिंह, अंशु अवस्थी और जिशान हैदर शामिल हैं।
इससे पहले मीडिया पैनलिस्ट रहीं शुचि विश्वास, जावेद अहमद और विशाल राजपूत को पदोन्नत कर प्रवक्ता बनाया गया है।
Published : 20 September 2021, 1:04 PM IST
No related posts found.