कुशीनगर: अस्पताल में युवक की मौत के बाद बरपा हंगामा, परिजनों ने लगाया ये आरोप

उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक युवक की मौत के बाद परिजनों ने हंगामा करना शुरू कर दिया। पढ़िये डाइनामाइट न्यूज़ की पूरी रिपोर्ट

Updated : 22 February 2025, 5:14 PM IST
google-preferred

कुशीनगर: उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक युवक की मौत के बाद परिजनों ने हंगामा करना शुरू कर दिया। पुलिस ने बड़ी मुश्किल से लोगों को समझाया। नगर के नेशनल हाइवे के बगल स्थित आरएस अस्पताल (सरस ग्रुप) में शनिवार की सुबह दुर्घटना में घायल एक युवक की मृत्यु को लेकर स्वजन पांच घंटे तक हंगामा किए। आरोप था कि उपचार के दौरान लापरवाही बरती गई है। दूसरी ओर घटना के बाद अस्पताल संचालक व स्टाफ फरार हो गया। काफी मशक्कत के बाद किसी तरह पुलिस शव को कब्जे में ले सकी।

डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के अनुसार पडरौना कोतवाली के गांव खांव खड्डा में शुक्रवार की रात दो बजे नीलगाय से टकरा कर बाइक पर सवार नेबुआ नौरंगिया के पड़री निवासी 24 वर्षीय अभय मल्ल, चंदन सिंह व अंकुर गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास के लोग घायलों को जिला अस्पताल भिजवाए। स्थिति गंभीर देख चिकित्सकों ने तीनों को गोरखपुर मेडिकल काॅलेज अस्पताल रेफर कर दिया।

इस दौरान किसी ने सलाह दी तो स्वजन घायलों को लेकर कसया स्थित आरएस अस्पताल पहुंचे। यहां उपचार शुरू हुआ। आरोप है कि उपचार के लिए 1.60 लाख रुपये जमा करने को कहा गया। एक लाख रुपये जमा हुए, शेष कुछ देर बाद देने को कहा गया। अस्पताल में कोई चिकित्सक नहीं था। केवल दो नर्स उपचार में जुटी थीं। सुबह अभय की मृत्यु हो गई।

इसके बाद उपचार में लापरवाही का आरोप लगाते हुए स्वजन हंगामा शुरू कर दिए। गांव से महिलाएं भी पहुंच गईं। सुबह नौ बजे से पुलिस शव को कब्जे में लेने का प्रयास करती रही , लेकिन सफलता दिन को दो बजे मिली।

Published : 
  • 22 February 2025, 5:14 PM IST