
महराजगंज: उत्तर प्रदेश के महराजगंज जनपद में बाढ़ का संकट अब भी लगातार गहराता जा रहा है। बाढ़ के कारण कई क्षेत्र दूर-दर तक जलमग्न हो गये है। गांवों और घरों में पानी घुस गया है। किसानों का सैकड़ों एकड़ फसल बर्बाद हो गई है। कई क्षेत्रों के ग्रामीणों को भारी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है और उनकी रात की नींद हराम हो चुकी है। डाइनामाइट न्यूज टीम ने नाव में सवार होकर कुछ बाढ़ग्रस्त क्षेत्रों का दौरा किया और प्रभावितों से मिलकर उनका हालचाल जाना।
डाइनामाइट न्यूज टीम बाढ़ ग्रस्त नौतनवां तहसील के रघुनाथपुर ग्रामसभा समेत आसपास के कुछ क्षेत्रों में पहुंची। इस क्षेत्र में रोहन नदी का तटबंध टूट जाने से बाढ़ ने भारी कोहराम मचा रखा है। चारों ओर का क्षेत्र जलमग्न है और बाढ़ के खौफ से बड़ा संख्या में लोग भयभीत हैं। कई ऐसे लोग भी हैं, जिनके घरों में रोजमर्रा के जरूरत का सामान खत्म हो चुका है। बाढ़ के कारण संपर्क मार्ग टूट जाने के कारण वे बुरी तरह फंस गये हैं।
स्थानीय लोगों ने बताया कि बांध टूटने से खतरा बढ़ गया है। कई गांवों में काफी जलजमाव है। गांव के लोग घर से निकल नहीं पा रहे हैं। लोगों को बाजार से आवश्यक वस्तुओं तथा दवाओं की खरीदारी में भी काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है और खाने-पीने का सामान खत्म हो चुका है।
ग्रामीणों का कहना है काफी दिनों से हम लोग बाढ़ में फंसे हुए हैं। किसी भी जनप्रतिनिधि व सरकार के अफसर अभी तक हमारी मुसीबत देखने नहीं आये और ना ही कोई मदद मुहैया कराई गई। हम लोगों को भगवान के भरोसे छोड़ दिया गया हैं। संकट में इस तरह की उपेक्षा से लोगों में काफी रोष है।
Published : 30 August 2021, 6:01 PM IST
Topics : Flood Maharajganj उत्तर प्रदेश जायजा बाढ़ बाढ़ प्रभावित क्षेत्र महराजगंज राहत और बचाव कार्य संकट