कर्नाटक : बांदीपुर में वन विभाग के कर्मियों के साथ गोलीबारी में मारा गया एक संदिग्ध शिकारी

डीएन ब्यूरो

चामराजनगर :कर्नाटक के बांदीपुर बाघ अभयारण्य में रविवार तड़के वन विभाग कर्मियों और एक गिरोह के बीच गोलीबारी के दौरान एक संदिग्ध शिकारी की मौत हो गयी। वन विभाग के अधिकारियों ने यह जानकारी दी है। पढ़िये डाइनामाइट न्यूज़ की पूरी रिपोर्ट

बांदीपुर में वन विभाग के कर्मियों के साथ गोलीबारी
बांदीपुर में वन विभाग के कर्मियों के साथ गोलीबारी


चामराजनगर: कर्नाटक के बांदीपुर बाघ अभयारण्य में रविवार तड़के वन विभाग कर्मियों और एक गिरोह के बीच गोलीबारी के दौरान एक संदिग्ध शिकारी की मौत हो गयी। वन विभाग के अधिकारियों ने यह जानकारी दी है।

अधिकारियों के मुताबिक, घटनास्थल से एक बंदूक और सांभर हिरण के कटे हुए अंग जब्त किए गए तथा आगे की जांच जारी है।

उन्होंने बताया कि यह घटना बाघ अभयारण्य के मद्दूर रेंज में हुई।

अधिकारियों ने कहा कि आधी रात के करीब इलाके में गश्त कर रहे कर्मियों ने गोलियों की आवाज सुनी, जिसके बाद वन विभाग और अवैध शिकार की रोकथाम से संबंधित शिविर के कर्मियों की एक टीम को मौके पर भेजा गया।

डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के मुताबिक तलाशी अभियान के दौरान वन कर्मियों को आठ से दस लोगों का एक गिरोह का पता चला, जिसने कथित तौर पर उनलोगों पर गोलीबारी की। अधिकारी ने बताया कि जवाबी कार्रवाई के दौरान गोली लगने से एक व्यक्ति की मौत हो गई और गिरोह के अन्य लोग अंधेरे का फायदा उठाकर वहां से भाग गए।

उन्होंने बताया कि वन अधिकारी पुलिस के साथ मिलकर गिरोह के अन्य सदस्यों को पकड़ने की कोशिश कर रहे हैं।










संबंधित समाचार